Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

एनडीए ने भले ही पा लिया बहुमत, पर नीतीश कैबिनेट के 9 मंत्री हार गए चुनाव

Janjwar Desk
12 Nov 2020 4:13 AM GMT
एनडीए ने भले ही पा लिया बहुमत, पर नीतीश कैबिनेट के 9 मंत्री हार गए चुनाव
x
नीतीश कैबिनेट के 9 मंत्रियों को जनता ने इस बार विधानसभा पहुंचने से रोक दिया है, इनमें बीजेपी-जदयू दोनों कोटे के मंत्री शामिल हैं..

जनज्वार ब्यूरो,पटना। बिहार में सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़ा भले ही एनडीए ने पा लिया हो, पर जनता ने उसे कोई प्रचंड बहुमत नहीं दिया है। खासकर नीतीश कुमार की सीटें तो 71 से हटकर सीधे 43 पर आ गईं हैं। यही नहीं बल्कि नीतीश कैबिनेट के 9 मंत्रियों को जनता ने इस बार विधानसभा पहुंचने से रोक दिया है। ये 9 मंत्री इस बार का विधानसभा चुनाव हार गए हैं।

कैमूर जिला के चैनपुर विधानसभा सीट से सूबे के खनन मंत्री बृजकिशोर बिंद बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में थे, लेकिन हार गए। उन्हें बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद जमा खां ने हरा दिया है।

उधर रोहतास जिले के दिनारा विधानसभा सीट से नीतीश कैबिनेट के एक और मंत्री जय कुमार सिंह जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। माना जा रहा था कि यहां उनकी लड़ाई एलजेपी के उन राजेंद्र सिंह से थी, जिन्होंने टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी छोड़ दिया था। राजेन्द्र सिंह बीजेपी के बड़े चेहरे माने जाते थे।लेकिन यहां राजद ने बाजी मार ली। आरजेडी के विजय मंडल यहां से चुनाव जीत गए हैं।

वहीं जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से जदयू के नेता और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा चुनाव हार गए हैं। कृष्ण नंदन वर्मा को आरजेडी के उम्मीदवार सुदय यादव ने हरा दिया है। शिक्षा मंत्री को राजद उम्मीदवार ने 33 हजार वोट के भारी अंतर से हराया है।

उधर राजपुर विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और राज्य के परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला भी चुनाव हार गए हैं। यहां उनको कांग्रेस के विश्वनाथ राम ने हरा दिया है।

जबकि पूर्वी चंपारण जिला के सिकटा विधानसभा क्षेत्र से मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन उनको सीपीआई माले के प्रत्याशी विरेंद्र प्रसाद ने हरा दिया है।

उधर मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर लड़ रहे बिहार सरकार के एक और मंत्री सुरेश शर्मा भी चुनाव हार गए हैं। सुरेश शर्मा बिहार सरकार में शहरी विकास मंत्री थे। उनको कांग्रेस के विरेंद्र चौधरी ने चुनाव हरा दिया है।

वहीं गोपालगंज जिला के हथुआ विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार और बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह चुनाव हार गए हैं। रामसेवक सिंह को आरजेडी उम्मीदवार राजेश कुमार ने बुरी तरह से हरा दिया।

नीतीश कैबिनेट के एक और मंत्री रमेश ऋषिदेव जेडीयू के टिकट पर सिंहेश्वर से चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन वह भी हार गए। मंत्री को आरजेडी के चंद्रहास चौपाल ने हरा दिया।

Next Story

विविध