Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

लालू प्रसाद के गढ़ और तेजस्वी के चुनाव क्षेत्र में पुलवामा कांड को लेकर राजनाथ सिंह ने किया राहुल गांधी पर तंज

Janjwar Desk
31 Oct 2020 6:49 AM GMT
लालू प्रसाद के गढ़ और तेजस्वी के चुनाव क्षेत्र में पुलवामा कांड को लेकर राजनाथ सिंह ने किया राहुल गांधी पर तंज
x
राजनाथ सिंह ने बिहार में एनडीए की लहर चलने और महागठबंधन के लड़ाई से बाहर होने का दावा करते हुए पुलवामा अटैक पर पाकिस्तान के हालिया खुलासे को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी जुबानी हमला बोल दिया....

जनज्वार ब्यूरो, पटना। महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के चुनाव क्षेत्र राघोपुर में रक्षा मंत्री और बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर करारा हमला किया है। उन्होंने बिहार में एनडीए की लहर चलने और महागठबंधन के लड़ाई से बाहर होने का दावा करते हुए पुलवामा अटैक पर पाकिस्तान के हालिया खुलासे को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी जुबानी हमला बोल दिया।

केंद्रीय रक्षा मंत्री और बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने राघोपुर, पीरपैंती, बछवारा और केसरिया में जनसभाएं कीं। राघोपुर तेजस्वी यादव का चुनावी क्षेत्र है। वे यहां से विधायक हैं और फिर यहीं से चुनाव मैदान में भी हैं। राघोपुर को लालू प्रसाद का गढ़ माना जाता है। यहां से खुद लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी विधायक रह चुके हैं।

राघोपुर में राजनाथ सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि बिहार में विकास नहीं हुआ है। सीएम नीतीश कुमार ने 15 सालों में राज्य को एक नई दिशा दी है।

राजनाथ सिंह ने महागठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलवामा हमले के मुंहतोड़ जवाब पर राहुल गांधी को आज भी विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बात को पाकिस्तान ने स्वीकार लिया है लेकिन अपने देश की विपक्ष के नेता इसे मानने ने इंकार कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि पाकिस्तान और चीन भारत पर हमेशा हमलावर रहते थे लेकिन पीएम मोदी ने अपने आक्रामक रवैया से दोनों देशों को धूल चटाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष इस बात को स्वीकार नहीं करते हैं।

बिहार की चुनावी सभाओं में भाषण दे रहे राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन-भारत विवाद मामले पर भारत को अपने जवानों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने चीनी सेना को अपना शौर्य दिखाया है। हमें भी उनपर गर्व है। लेकिन दुख लगता है जब कई लोग अपने ही जवानों पर गर्व महसूस नहीं करते।

अपने भाषण के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार में इसबार महागठबंधन कहीं नहीं है। बिहार में एनडीए की फिर से सरकार बनने जा रही है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार मे बीते 15 सालों काफी बेहतर काम किया है। इसबार एनडीए की सरकार को फिर से मौका मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने काफी अच्छा काम किया है। एनडीए की बयार बह रही है।

Next Story

विविध