Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

कभी पलड़ा इधर तो कभी उधर, इस सीट पर जदयू ने राजद को महज 13 वोट से हराया

Janjwar Desk
11 Nov 2020 6:30 AM GMT
कभी पलड़ा इधर तो कभी उधर, इस सीट पर जदयू ने राजद को महज 13 वोट से हराया
x
वैसे तो इस सीट से कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे, पर मुख्य मुकाबला जनता दल यूनाइटेड के कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया और राष्ट्रीय जनता दल के अत्रि मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव के बीच हुआ और क्या खूब मुकाबला हुआ, कभी प्रेम मुखिया आगे तो कभी शक्ति सिंह यादव आगे...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनावों में लगभग दर्जन भर सीटों पर कांटे का मुकाबला रहा। इन सीटों पर हर-जीत का फासला काफी कम रह। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले की हिलसा विधानसभा सीट पर तो मुकाबला ऐसा रहा कि अंत-अंत तक समझ में नहीं आ रहा था कि जीत किसे मिलेगी। इस सीट पर अंततः जदयू के उम्मीदवार जीते और उन्होंने राजद के प्रत्याशी को महज 13 मतों के अंतर से हरा दिया।

वैसे तो इस सीट से कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे, पर मुख्य मुकाबला जनता दल यूनाइटेड के कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया और राष्ट्रीय जनता दल के अत्रि मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव के बीच हुआ और क्या खूब मुकाबला हुआ। कभी प्रेम मुखिया आगे तो कभी शक्ति सिंह यादव आगे।

कभी इनके समर्थक जश्न मना रहे, तो कभी उनके समर्थक।अंतिम राउंड तक मुकाबला कांटे का बना रहा और दोनों ओर के समर्थकों की सांसें अटकी रहीं। आखिरकार जनता दल यूनाइटेड के कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया विजेता घोषित किए गए और उन्होंने शक्ति सिंह यादव को महज 13 वोटों के अंतर से हरा दिया।


भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, जदयू के कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया को 61,616 वोट मिले, जबकि राजद उम्मीदवार आत्री मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव को 61,603 वोट मिले। यानी इन दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत-हार का फासला सिर्फ 13 वोट का ही रहा।

वहीं लोजपा के कुमार सुमन सिंह उर्फ रंजीत सिंह को 17435, बसपा के रविलाल पासवान को 3077 और नोटा को भी यहां 1045 वोट हासिल हुए।

Next Story

विविध