Begin typing your search above and press return to search.
आंदोलन

बेलसोनिका प्रबंधन और मजदूर आमने-सामने, बर्खास्त और सस्पेंड कर्मचारियों की बहाली से पहले नहीं खत्म होगी हड़ताल

Janjwar Desk
31 May 2023 8:57 AM GMT
बेलसोनिका प्रबंधन और मजदूर आमने-सामने, बर्खास्त और सस्पेंड कर्मचारियों की बहाली से पहले नहीं खत्म होगी हड़ताल
x

छंटनी, ठेका प्रथा, बर्खास्त व सस्पेंड कर्मचारियों की की बहाली को लेकर 4 मई 2023 से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे बेलसोनिका श्रमिकों की नहीं हो रही कोई सुनवाई

धरने के 27 दिन बीत जाने के बाद भी प्रबंधन, श्रम विभाग व प्रशासन मजदूरों की कोई सुध लेने तक नहीं आया। बेलसोनिका प्रबंधन ने यूनियन धरने को उठाने के लिए दिनांक 30 मई 2023 को सायं 3 बजे यूनियन को एक पत्र दिया। लंबित मुद्दों पर बातचीत कर हल करने की बजाय प्रबंधन लगातार प्लांट में उकसावेपूर्ण कार्यवाही कर धरने को उठाना चाहता है...

Manesar news : हरियाणा के मानेसर में स्थित बेलसोनिका ऑटो कॉम्पॉनेंट इंडिया प्राईवेट लिमिटेड कंपनी प्रबंधन द्वारा मजदूरों को नौकरी से निकाले जाने के खिलाफ लंबे समय से यूनियन संघर्षरत है। मजदूर यूनियन का कहना है कि पूरे ही औद्योगिक क्षेत्र में कंपनियों की तानाशाही तथा मजदूर विरोधी कृत्यों हो रहे हैं, बिना कारण के उनकी रोजी-रोटी पर लात मारी जा रही है।

बेलसोनिका यूनियन के मुताबिक कर्मचारी छिपी छंटनी, ठेका प्रथा, बर्खास्त व सस्पेंड साथियो की बहाली को लेकर 4 मई 2023 से क्रमिक भूख हड़ताल पर थे। धरने के 27 दिन बीत जाने के बाद भी प्रबंधन, श्रम विभाग व प्रशासन मजदूरों की कोई सुध लेने तक नहीं आया। बेलसोनिका प्रबंधन ने यूनियन धरने को उठाने के लिए दिनांक 30 मई 2023 को सायं 3 बजे यूनियन को एक पत्र दिया। लंबित मुद्दों पर बातचीत कर हल करने की बजाय प्रबंधन लगातार प्लांट में उकसावेपूर्ण कार्यवाही कर धरने को उठाना चाहता है।

30 मई 2023 को ही यूनियन ने शाम 3:20 बजे दोनों शिफ्टों के फैक्ट्री में मौजूद हो जाने के बाद हड़ताल कर दी। कल 30 मई की रात को 9 बजे से सुबह 4 बजे तक सहायक श्रमायुक्त महोदय व श्रम निरीक्षक महोदय की मध्यस्थता में वार्ता हुई, लेकिन लगभग 7 घंटे चली इस वार्ता में प्रबंधन का वही अड़ियल रवैया रहा कि यूनियन पहले हड़ताल और धरना उठाए। उसके बाद हम यूनियन से बात करेंगे।

प्रदर्शनकारी कहते हैं, आज हड़ताल का दूसरा दिन है। कोई समाधान अभी तक नहीं निकला है। प्रबंधन ने पुलिस बल को फैक्ट्री के अंदर तैनात कर दिया है। हमारे परिवार भी धरने पर पहुंच चुके हैं। अतः बेलसोनिका यूनियन सभी ट्रेड यूनियनों व फैक्ट्री यूनियनों से अपील करती है कि यूनियन के धरने पर पहुंचकर हमारा हौसला बढ़ाए।

यूनियन पदाधिकारियों का आरोप है कि मजदूर कंपनी प्रबंधन द्वारा छिपी छंटनी के खिलाफ पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। प्रबंधन ने पिछले वर्ष 2022 में 3 स्थाई श्रमिकों को बर्खास्त कर दिया था। उसके बाद प्रबंधन ने 17 मार्च 2023 को 3 यूनियन पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। उसके बाद प्रबंधन ने 30 मार्च 2023 को 10 श्रमिकों को यूनियन गतिविधियों के कारण सस्पेंड कर दिया था।

07 अप्रैल 2023 को 3 पुराने ठेका श्रमिकों को जिनको यूनियन की सदस्यता दी गई थी, को बर्खास्त कर दिया था। 21 अप्रैल 2023 को प्रबंधन ने 11 श्रमिकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। प्रबंधन ने अब तक लगभग 13 श्रमिको को सस्पेंड व 17 श्रमिको को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इस साल 03 मार्च 2023 को सहायक श्रम आयुक्त गुड़गांव की मध्यस्थता में चली वार्ता व 21 मार्च 2023 को अतिरिक्त उपायुक्त महोदय गुड़गांव की मध्यस्थता में चली समझौता वार्ता के दौरान यूनियन और प्रबंधन को यथास्थिति व शांति बनाए रखने के आदेश/निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रबंधन ने श्रम विभाग व प्रशासनिक अधिकारी के आदेशों और निर्देशों को ठेंगा दिखा दिया। यूनियन ने शिकायतों, सामूहिक मांग पत्रों व ज्ञापन के माध्यम से विवाद को निपटाने की गुहार लगाई, लेकिन यूनियन की गुहार को सभी अधिकारी अनदेखा कर रहे हैं।

Next Story

विविध