Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

बॉलीवुड के 'ट्रेजडी किंग' दिलीप कुमार का निधन

Janjwar Desk
7 July 2021 2:39 AM GMT
बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार का निधन
x
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार दिलीप कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे, बुधवार 7 जुलाई को सुबह साढ़े 7 बजे उनका निधन हो गया

जनज्वार ब्यूरो। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार दिलीप कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। बुधवार 7 जुलाई को सुबह साढ़े 7 बजे उनका निधन हो गया। 98 साल के दिलीप कुमार लम्बे समय से बीमार थे। बीते 8 दिनों से वो मुंबई के हिंदूजा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे।

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार बीते कुछ सालों से बीमार चल रहे थे। हालांकि, बीच में उनकी तबीयत में सुधार भी हुआ था। 98 साल के दिलीप कुमार को सांस लेने में दिक्कत के कारण 29 जून को मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 7 जुलाई की सुबह 7ः30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।


बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग कहे जाने वाले दिलीप कुमार के निधन की खबर मिलते ही देश में शोक की लहर है। देश के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। वही बॉलीवुड के सितारे उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। एक्टर शक्ति कपूर ने इसे एक युग का अंत बताते हुए शोक जाहिर किया है। उनके निधन से बॉलीवुड और उनके फैंस में काफी निराशा है।

दो दिन पहले ही आया था हेल्थ अपडेट

बीमारी से जूझ रहे दिलीप कुमार को पिछले एक महीने में दो बार अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पांच जुलाई को ही दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से उनकी हेल्थ को लेकर अपडेट दिया गया था। दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो द्वारा एक बयान में कहा गया था कि दिलीप कुमार की तबीयत में सुधार हो रहा है। वह अभी भी अस्पताल में ही हैं, आप उन्हें अपनी दुआओं में रखें।

लेकिन इस हेल्थ अपडेट के महज दो दिन बाद ही दिलीप कुमार इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। उनके निधन की खबर को भी दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से अपडेट किया गया है।

बॉलीवुड इंडस्ट्री के पहले खान थे पेशावर के युसूफ

एक्टर दिलीप कुमार (Dilip Kumar) का असली नाम मोहम्मद युसूफ खान (Mohammed Yusuf Khan) था। उनका जन्म 11 दिसंबर 1922 को ब्रिटिश इंडिया के पेशावर (अब पाकिस्तान) हुआ था। उन्हें हिंदी सिनेमा में The First Khan के नाम से जाना जाता है। हिंदी सिनेमा में मेथड एक्टिंग का क्रेडिट भी उन्हें ही जाता है।

दिलीप कुमार ने अपने एक्टिंग की शुरुआत 1944 में फिल्म ज्वार भाटा से की थी। इसे बॉम्बे टॉकीज ने प्रोड्यूस किया था। करीब पांच दशक के अपने अभिनय के करियर में उन्होंने 65 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। दिलीप कुमार की कुछ फिल्में हैं- अंदाज (1949), आन (1952), दाग (1952), देवदास (1955), आजाद (1955), Mughal-e-Azam (1960), Gunga Jamuna (1961), Ram Aur Shyam (1967) है।

Next Story

विविध