Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

मेघालय में हिंसा के बाद शिलांग में कर्फ्यू का ऐलान, 4 जिलों में इंटरनेट बंद

Janjwar Desk
16 Aug 2021 1:27 PM IST
मेघालय में हिंसा के बाद शिलांग में कर्फ्यू का ऐलान, 4 जिलों में इंटरनेट बंद
x

( शिलांग में रविवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया )

गृह सचिव सीवीडी डिंगदोह ने पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि तोड़फोड़ की कुछ घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे सार्वजनिक शांति और सद्भाव बिगड़ने का खतरा है....

गुवाहाटी ब्यूरो। मेघालय में समर्पण करने वाले एक उग्रवादी की पुलिस मुठभेड़ में मौत होने के बाद आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच रविवार को शिलांग में कर्फ्यू लगा दिया गया। वहीं, मेघालय के कम से कम चार जिलों में मोबाइल और डेटा इंटरनेट सेवाएं 48 घंटे के लिए बंद कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि शिलांग में रविवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि ईस्ट खासी हिल्स, वेस्ट खासी हिल्स, साउथ खासी हिल्स और री-भोई जिले में शाम छह बजे से 48 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया।

गृह सचिव सीवीडी डिंगदोह ने पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि तोड़फोड़ की कुछ घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे सार्वजनिक शांति और सद्भाव बिगड़ने का खतरा है तथा सार्वजनिक सुरक्षा को क्षति हो सकती है। चेरिस्टरफील्ड थांगखियु नामक उग्रवादी के समर्पण करने के बाद पुलिस ने एक मुठभेड़ में 13 अगस्त को उसे मार दिया था।

थांगखियु की उसके घर पर पुलिस छापेमारी के दौरान मौत के बाद शिलांग के कुछ हिस्सों में हिंसा देखी गई है। शिलांग के जाआव इलाके में रविवार दोपहर अज्ञात लोगों ने मावकिनरोह पुलिस चौकी के एक पुलिस वाहन में आग लगा दी। चौकी के प्रभारी सहित वाहन पर सवार पुलिसकर्मी इस घटना में बाल-बाल बच गए।

थांगखियु के शव को रविवार को दफनाया गया, जिसके बाद इन क्षेत्रों से हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने बताया कि 2018 में समर्पण करने के बाद थांगखियु ने आईईडी विस्फोटकों से किये गए कई हमलों की साजिश रची थी।

मोबाइल इंटरनेट बंद करने के निर्णय की जानकारी देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि एसएमएस, व्हाट्सऐप और फेसबुक, ट्विटर तथा यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ऐसे चित्रों, वीडियो और संदेश के प्रसार के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है, जिनसे कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है। ईस्ट खासी हिल्स जिला प्रशासक इसवांदा लालू द्वारा जारी किये गए एक आदेश से कर्फ्यू लागू किया गया।

Next Story

विविध