IND vs NZ 3rd T20 Cricket Match : रोहित शर्मा की अगुवाई में इंडिया ने किया 3-0 से सीरीज पर कब्जा, न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ

IND vs NZ 3rd T20 Cricket Match : टी20 सीरीज ( T-20 series ) के तीसरे एवं आखिरी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 73 रनों से हराकर सीरीज पर एकतरफा कब्जा कर लिया। भारत की ओर से पेश 185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 111 रनों पर धराशायी हो गई। भारत की ओर अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ही भारत ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा कर लिया।
रोहित की शानदार पारी
भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 56 और ईशान किशन ने 29 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए। जवाब में न्यूजीलैंड की ओर से मार्टिन गुप्टिल के अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। जबकि गुप्टिल ने 51 रनों की पारी खेली।
मिडिल ऑर्डर आज भी लड़खड़ा गई
सीरीज पर एकतरफा जी हासिल करने से पहले भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 184 रन बनाए। कोलकाता में खेले गए इस मैच में इंडिया ने मेहमान टीम को जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य दिया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की शुरुआत अच्छी रही पर बीच में लड़खड़ा गई थी। कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। लेकिन मिडिल ऑर्डर एक बार फिर निराश कर गया और एक समय स्कोर 170 तक भी नहीं जा रहा था।
चाहर ने अंतिम ओवर में 19 रन ठोक 180 के पार पहुंचाया
वेंकटेश अय्यर और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला लेकिन दोनों खिलाड़ी विकेट फेंक कर पवेलियन लौट गए। अंतिम ओवर में 19 रन ठोक कर दीपक चाहर ने 8 गेंद पर 21 रन बनाए और टीम का स्कोर 180 पार पहुंचाया। हर्षल पटेल ने उपयोगी 18 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए मिशेल सैंटनर ने 3 विकेट झटके। इसके अलावा फर्ग्युसन, मिल्ने, बोल्ट और सोढ़ी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
बता दें कि भारत ने जयपुर में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया था। इसके बाद रांची में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा किया था। आज भारतीय टीम दो बड़े बदलाव के साथ उतरी थी। केएल राहुल और रविचंद्रन अश्विन को आराम देकर इशान किशन और युजवेंद्र चहल को मौका दिया गया है। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड के लिए आज मिशेल सैंटनर कप्तानी कर रहे थे।











