Begin typing your search above and press return to search.
मध्य प्रदेश

लुटेरा दूल्हा! दहेज के ढाई करोड़ रुपए लेकर अमेरिका भागा इंजीनियर दूल्हा, तीन लड़कियों को बना चुका शिकार

Janjwar Desk
21 Nov 2021 1:53 PM GMT
लुटेरा दूल्हा! दहेज के ढाई करोड़ रुपए लेकर अमेरिका भागा इंजीनियर दूल्हा, तीन लड़कियों को बना चुका शिकार
x

(आरोपी दूल्हा विशाल और निधि के शादी की तस्वीर)

Madhya Pradesh News: निधि और विशाल की शादी 25 अप्रैल 2021 को उदयपुर के ताज लेक पैलेस में हुई थी। कैश और गहने जेवरात मिलाकर लड़की वालों ने दहेज में करीब डेढ़ करोड़ रुपए दिए....

Madhya Pradesh News: बॉलीवुड फिल्म 'डॉली की डोली' में अभिनेत्री सोनम कपूर का किरदार एक लुटेरी दुल्हन के रूप में फिल्माया गया है। इस कहानी में दुल्हन सीधे साधे लड़कों को फंसाती है और शादी कर लेती है। फिर शादी की पहली रात ही घर में मौजूद गहने और जेवर लेकर फरार हो जाती है। ठीक ऐसी की कहानी मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से सामने आई है। इस सच्ची कहानी में फर्क बस इतना है कि यहां पर लुटेरी दुल्हन नहीं बल्कि दूल्हा है।

ढाई करोड़ रुपए लेकर अमेरिका भागा दूल्हा

दरअसल, इस लुटेरे दूल्हे के खिलाफ खुद दुल्हन ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है शादी के एक महीने बाद फरेबी सॉफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हा लड़की वालों के ढाई करोड़ रुपए लेकर अमेरिका भाग गया। पत्नी ने मुंबई के मंटुआ थाने में फ्रॉड दूल्हे और उसके पिता पर दहेज प्रताडना, धोखाधड़ी, मारपीट समेत आधा दर्जन मामलों में एफआईआर दर्ज कराई है। नई नवेली दुल्हन का आरोप है कि लड़का इससे पहले दो लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ताज पैलेस में हुई थी ग्रैंड शादी

लड़की वालों के अनुसार, इंदौर के लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के शांति निकेतन निवासी विशाल अग्रवाल सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।पलासिया के शेखर बिल्डिंग में उसका ऑफिस है। उसके पिता विमल अग्रवाल प्रॉपर्टी का काम करते हैं। इंदौर के ही संजना पार्क निवासी दाल कारोबारी अनिल मंगल ने मुंबई निवासी अजय अग्रवाल से उनकी बेटी निधि और विशाल के शादी की बात चलाई थी। उन्होंने तब कहा था कि विशाल अच्छा लड़का है और निधि उसके साथ खुश रहेगी। इसके बाद निधि और विशाल की शादी तय हुई।

आरोप है कि विशाल ने सगाई में 70 लाख रुपए कैश लिए थे। निधि और विशाल की शादी 25 अप्रैल 2021 को उदयपुर के ताज लेक पैलेस में हुई थी। कैश और गहने जेवरात मिलाकर लड़की वालों ने दहेज में करीब डेढ़ करोड़ रुपए दिए। निधि का आरोप है कि शादी के बाद भी वह ससुराल वालों से रुपए मंगवाता रहा। इस तरह करीब ढाई करोड़ रुपए ले लिए। मोटी रकम जुटाने के बाद लुटेरा पति शादी के एक महीने बाद ही निधि को छोड़कर अमेरिका भाग गया।

ससुरालवालों ने लड़की को भेज दिया मायके

विशाल शादी के एक महीने बाद काम का कहकर अमेरिका भाग गया। निधि के मुताबिक दहेज और उसके बाद 2 करोड़ 41 लाख रुपए नकदी और ज्वैलरी ली गई। वहीं विशाल के अमेरिका चले जाने के बाद ससुराल पक्ष के विमल अग्रवाल, अलका अग्रवाल, आंचल, आदित्य गर्ग, नीरज द्विवेदी, अनिल और सुधा ने साजिश कर उसे अपने मायके मुंबई भेज दिया।

शादी के कई महीनों बाद भी जब विशाल घर नहीं लौटा तो निधि और उसके घरवालों को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ। निधि के आरोप पर मुंबई पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज, धोखाधड़ी समेत आधा दर्जन मामले में केस दर्ज किया है। निधि ने पुलिस को यह भी बताया कि आसपास में रहने वाले पड़ोसियों से बातचीत में उसे पता चला कि विशाल पहले भी दो बार शादी कर चुका है। इससे पहले वह शादी के आठ दिन बाद ही भाग गया था। लड़के के परिवार वालों ने दोनों शादियों में भी दहेज के नाम पर मोटी रकम ली थी।

Next Story

विविध