Mathura Crime News : मथुरा में 7 दिन में 7 लोगों की हत्या से मचा हड़कंप, पुलिस के हाथ नहीं लगा एक भी आरोपी

(मथुरा : लगातार हत्या के मामलों से सवालों के घेरे में पुलिसिया कार्य प्रणाली)
Mathura Crime News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (UP Govt) अपराधमुक्त प्रदेश के तमाम दावे करती रही है लेकिन जमीन पर इसकी सच्चाई नहीं दिखती है। मथुरा (Mathura) के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सात दिनों के भीतर 7 लोगों की हत्या की सनसनी फैल गई है। वहीं लगातार हत्याओं के मामलों से पुलिस महकमे (Police Department) में हड़कंप मचा हुआ है। एक तरह जहां पुलिस की कार्य प्रणाली सवालिया निशान लग रहे हैं वहीं दूसरी ओर पुलिस जल्द हत्याओं का खुलासा करने की बात कह रही है।
आज सोमवार को थाना हाईवे इलाके के गांव धनगांव में एक उन्नीस वर्षीय युवती का शव कुएं मे मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पुलिस (Mathura Police) को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ रिफाइनरी संदीप मीणा ने बताया कि धनगांव के खेतों में बने कुएं में युवती का शव मिला है। मृतक युवती की पहचान धनगांव निवासी मानसिंह की पुत्री की के रूप में हुई है। मामले की जांच की जाएगी।
साथ ही थाना यमुना पार क्षेत्र में बीस वर्षीय अज्ञात युवक का भी शव पड़ा मिला। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक कहां का रहने वाला है या कौन है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
इससे पहले मंगलवार 2 नवंबर कोथाना सुरीर इलाके के यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 78 पर एक पंद्रह वर्षीय किशोर का शव कटीले तारों से लटका मिला था। वहीं दूसरा शव थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे की माइलस्टोन संख्या 74 पर एक दस वर्षीय बच्चे का शव मिला था।
इसी तरह थाना बलदेव इलाके के यमुना एक्सप्रेसवे की माइलस्टोन संख्या 129 के समीप नोएडा-आगरा मार्ग पर एक 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव झाड़ियों में पड़ा मिला था। गुरूवार 4 नवंबर को थाना हाईवे क्षेत्र के गांव बाकलपुर के नजदीक बम्बे में एक अट्ठाइस वर्षीय पूजा नाम की महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी।
जिले में लगातार हो रही हत्याओं से पुलिस विभाग सकते में है। लगातार बढ़ रहे क्राइम ग्राफ से पुलिस की नींद उड़ी हुई है। लगातार सामने आ रहे हत्याओं के मामलों से पुलिस की मुसीबतें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। पुलिस का इन मामलों को लेकर कहना है कि थाना सुरीर, थाना नौहझील, थाना बलदेव, थाना गोवर्धन में मिले मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है, जो भी घटनाक्रम से दोषी होंगे, उन्हें गिरफ्तार कर जल्द जेल भेजा जाएगा।











