Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

बदायूं : छठी बेटी के शक में पति ने गर्भवती पत्नी के पेट को हंसिए से काटा, महिला की हालत गंभीर

Janjwar Desk
21 Sep 2020 2:47 AM GMT
बदायूं : छठी बेटी के शक में पति ने गर्भवती पत्नी के पेट को हंसिए से काटा, महिला की हालत गंभीर
x
पत्नी का पेट काटने वाले व्यक्ति के खिलाफ न सिर्फ उसके साले ने बल्कि खुद की बहन ने भी बयान दिया है। गंभीर अवस्था में महिला का इलाज दिल्ली में चल रहा है...

जनज्वार। उत्तरप्रदेश के बदायूं जिले में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी का पेट धारदार हथियार से इसलिए काट दिया कि वह यह जानना चाहता था कि उसकी पत्नी के पेट में पल रहा शिशु लड़का है या लड़की। दंपती का यह छठा बच्चा है। उन्हें पहले से पांच बेटियां हैं। ऐसे में पति की चाहत बेटे की थी।

यह मामला बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेकपुर मोहल्ले की है। इस मोहल्ले के पन्नालाल ने अपनी पत्नी अनीता का पेट कथित तौर पर फसल काटने वाले हांसिए को मार कर काट दिया। घटना के संबंध में बदायूं के एसपी संकल्प शर्मा ने कहा है कि घायल महिला की ओर से पुलिस को जो शिकायत मिली है उसके आधार पर आइपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि घटना की जानकारी जुटायी जा रही है और पूरी जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गंभीर अवस्था में घायल महिला को इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीबीसी हिंदी डाॅट काॅम की खबर के अनुसार, घायल महिला के पति पन्नालाल के परिजनों ने कहा कि वह यह देखना चाहता था कि उसकी पत्नी के पेट में लड़का है या लड़की। उसकी बहन रेखा ने बताया कि उन्हें पहले से पांच लड़कियां हैं। वह नहीं चाहता था कि उसकी यहां छठी संतान के रूप में भी लड़की पैदा हो।

पन्नालाल बेटियों के जन्म को लेकर घर में कलह करता। वह अपनी पत्नी अनीता को इस बात के लिए प्रताड़ित करता कि वह बेटियों को ही जन्म क्यों देती है और इसके लिए वह उस मारता-पीटता भी था। शनिवार को भी भी उसका पत्नी से झगड़ा और बुरी तरह पिटाई कर दी फिर हंसिए से वार कर दिया।

अनीता के भाई राजीव के अनुसार, बरेली में डाॅक्टरों की सलाह पर गंभीर हालत होने की वजह से महिला इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया। भाई राजीव अपनी बहन के लिए इलाज के दिल्ली में मौजूद हैं। पन्नालाल की बहन की तहर उसके साले राजीव ने भी यही कहा है कि वह यह देखना चाहता था कि अनीता के पेट में पल रहा शिशु लड़का है या लड़की इसलिए उसने उस पर वार किया।


आरोपी पन्नालाल का क्या कहना है?

घटना के आरोपी पन्नालाल का कहना है कि अनीता से उसकी लड़ाई हुई थी और गुस्से में आकर उसने हंसिया फेंक कर उसे मारा भी था लेकिन उसकी मंशा यह नहीं थी जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है।

उसने कहा कि मेरी पांच बेटियां हैं, एक बेटा मर भी चुका है, संतान भगवान की देन हैं, जो होगा देखा जाएगा। उसने पत्नी पर खुद से झगड़ा करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि शनिवार को भी लड़ाई हुई और गुस्से में मैंने हंसिया उसकी ओर फेंका। मुझे नहीं पता कि वह इससे इतनी गंभीर रूप से घायल हो जाएगी।

वहीं, उसके एक पड़ोसी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि किसी पंडित ने पन्नालाल से कहा था कि उसके यहां लगातार छठी बेटी पैदा होगी। इससे डर कर पन्नालाल ने पत्नी को गर्भपात कराने के लिए कहा। पत्नी ने जब इनकार कर दिया तो फिर उसे घायल कर दिया।

हालांकि पुलिस कहा कहना है कि पन्नालाल की बेटियां बड़ी हैं, पूछताछ की जा रही है, जल्द सच सामने आएगा।

Next Story

विविध