Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा बोले - कोरोना वैक्सीन नपुंसक न बना दे, लोग कहेंगे इससे जान भी जा सकती है

Janjwar Desk
3 Jan 2021 4:01 AM GMT
सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा बोले - कोरोना वैक्सीन नपुंसक न बना दे, लोग कहेंगे इससे जान भी जा सकती है
x

 SP MLC Ashutosh Sinha.  Photo Credit - ANI Twitter. 

अखिलेश यादव के बाद उनकी पार्टी के एक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने भी कोरोना वैक्सीन पर विवादित बयान दिया है और कहा है कि इसमें कुछ तो गड़बड़ है और यह नपुंसक भी बना सकता है...

जनज्वार। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद उनकी पार्टी के एक एमएलसी ने भी कोरोना वायरस के तैयार हो रहे वैक्सीन पर विचित्र प्रतिक्रिया दी है। मिजापुर से समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा है कि कोविड टीके में ऐसा कुछ हो सकता है जो नुकसान पहुंचा सकता है।

न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, आशुतोष सिन्हा ने कहा कि कल को लोेग कहतें कि यह वैक्सीन जान भी ले सकता है और आबादी कम कर सकता है। आप इससे नपुंसक भी हो सकते हैं, कुछ भी हो सकता है।

वहीं, दैनिक जागरण अखबार के अनुसार, आशुतोष सिन्हा ने कोविड वैक्सीन को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कोविड 19 वैक्सीन में कुछ तो ऐसा है जो लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। कल को लोग यह कहेंगे कि यह वैक्सीन उन्हें मारने या फिर जनसंख्या को कम करने के लिए दी गयी है। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि आप नपुंसक हो जाएं।

अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन पर दिए गए बयान को लेकर आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। हालांकि सिन्हा ने कहा कि अगर उन्होंने इस संबंध में बात कही होगी तो उसमें कुछ गंभीरता जरूर होगी। आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते हुए कहा कि उनके गृह जिले गोरखपुर में ऑक्सीजन के अभाव में बच्चे मर गए, जहां से वे दो-चार दिन पहले ही दौरा करके आए थे।

मालूम हो कि शनिवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना का टीका लगवाने से मना कर दिया था और उसे बीजेपी का वैक्सीन बताते हुए कहा था कि वे उस पर कैसे भरोसा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि 2022 में जब सपा की सरकारी प्रदेश में बनेगी तो सभी लोगों को मुफ्त कोरोना टीका लगवाया जाएगा।

उधर, भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के बयान को देश के डाॅक्टरों व वैज्ञानिकों का अपमान बताते हुए माफी मांगने की मांग की थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बयान को एक युवा नेता का दुर्भाग्यपूर्ण बयान बताया था जो वैक्सीन को पार्टी के खांचे में बांट रहे हैं।

उधर, नेशनल कान्फ्रेंस के नेता व जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कोरोना वैक्सीन को देश का वैक्सीन बताते हुए कहा है कि वो कोविड वैक्सीन लगवाएंगे।

Next Story

विविध