Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या, विजयवर्गीय बोले, 'ममता राज में तिरंगा फहराना भी अपराध'

Janjwar Desk
16 Aug 2020 6:11 AM GMT
बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या, विजयवर्गीय बोले, ममता राज में तिरंगा फहराना भी अपराध
x

मृत भाजपा कार्यकर्ता सुदर्शन प्रमाणिक।

पश्चिम बंगाल में फिर एक भाजपा कार्यकर्ता की राजनीतिक झड़प में जान गई है। जबकि पिछले महीने एक भाजपा विधायक का शव फंदे से झूलता मिला है। भाजपा ने इस हत्या के लिए तृणमूल कांग्रेस व ममता बनर्जी को जिम्मेवार बताया है...

जनज्वार। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा हुई है। स्वतंत्रता दिवस के दिन हुगली जिले के खानाकुल ब्लाॅक में तृणमूल कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में एक भाजपा कार्यकर्ता की जान चली गई। मारे गए भाजपा कार्यकर्ता का नाम सुदर्शन प्रमाणिक है और वह आरामबाग क्षेत्र का रहने वाला था।

पश्चिम बंगाल भाजपा के संगठन मंत्री सुब्रत चटर्जी ने इस संबंध में कहा है कि मारा गया भाजपा कार्यकर्ता सुदर्शन प्रमाणिक खानाकुल विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 245 का एक सक्रिय कार्यकर्ता था। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था और उसी उसी में शामिल होने के लिए सुदर्शन पहुंचा था।

वे लोग जब झंडा फहराने की तैयारी कर रहे थे, तभी तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और सुदर्शन को पीट-पीट कर मार डाला। इस दौरान अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मारपीट की गई। हमले में सुरजीत सामंत नामक एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हिंसा पर भाजपा के प्रभारी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा है कि ममता राज में स्व्तंत्रता दिवस पर झंडा फहराना भी अपराध हो गया है। विजयवर्गीय ने लिखा है कि हमें टीएमसी के गुंडा रात से मुक्ति को संकल्प लेना ही होगा।

वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान में राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता दिवस के दिन भाजपा कार्यकर्ता की निर्मम ढंग से हत्या की गई है वह दिल दहलाने वाला है। उन्होंने पार्टी की ओर से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। सिन्हा ने कहा कि ऐसा नहीं करने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

भाजपा कार्यकर्ता रविवार को इस हिंसा का विरोध जताने के लिए तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रहे हैं।

Next Story

विविध