Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

बीजेपी ने गजेंद्र सिंह शेखावत को बनाया पंजाब चुनाव प्रभारी तो पुरी, लेखी और चावड़ा बने सह प्रभारी

Janjwar Desk
8 Sep 2021 8:17 AM GMT
बीजेपी ने गजेंद्र सिंह शेखावत को बनाया पंजाब चुनाव प्रभारी तो पुरी, लेखी और चावड़ा बने सह प्रभारी
x
शेखावत को कुछ माह पहले संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी छह लोकसभा क्षेत्रों की 35 विधानसभा सीटों में चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा गया था....

जनज्वार/नई दिल्ली। जोधपुर सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) की कमान सौंपी गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस आशय की जानकारी दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने शेखावत और तीन सह प्रभारियों केंद्रीय आवास और शहरी मामलों, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय विदेश, संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी (Meenakshi Lekhi) व लोकसभा सांसद विनोद चावड़ा की नियुक्ति की है।

शेखावत को कुछ माह पहले संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी छह लोकसभा क्षेत्रों की 35 विधानसभा सीटों में चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा गया था। शेखावत देश के पहले जलशक्ति मंत्री भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का जिम्मा भी शेखावत के मंत्रालय पर है। उनके नेतृत्व में जल जीवन मिशन के तहत तेजी से ग्रामीण आवासों में नल कनेक्शन लग रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) के स्वच्छ भारत मिशन की जिम्मेदारी भी शेखावत के कंधों पर है। अब पंजाब चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त कर भाजपा ने संगठन में भी केंद्रीय मंत्री शेखावत का कद बढ़ाया है।

बता दें कि 2022 की शुरुआत में कुल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं जिनमें से चार राज्यों में अभी भाजपा की सरकार है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में आगामी वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में मार्च अप्रैल के बीच इन जगहों पर चुनाव हो सकते हैं। इन विधानसभा चुनावों को 2024 के लिए सेमीफाइनल माना जा रहा है।

भाजपा की ओर से उत्तराखंड के लिए पार्टी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को जिम्मेदारी दी है, उनके साथ लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह को भी सह-प्रभारी बनाया गया है। गोवा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मणिपुर के विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है।

वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव प्रभारियों के नाम का ऐलान किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यूपी विधानसभा इलेक्शन के लिए चुनाव प्रभारी बनाया गया है।


Next Story

विविध