BJP MLA की चेतावनी : 'मांस और मीट की दुकान बंद कराएं अधिकारी, वरना यहां नहीं रह पाएंगे...', सत्ता मिलते ही भाजपा नेताओं के बदले सुर

(गाजियाबाद के लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर)
BJP MLA : उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी सत्ता में दोबारा आने के बाद भाजपा (BJP) नेताओं के सुर बदलने लगे हैं। अपने बयानों से विवादों में रहने वाले लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर (Nand Kishor Gurjar) का आक्रामक अंदाज सामने आया है। पशुओं की अवैध कटाई को लेकर इस बार वह अधिकारियों को चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
भाजपा के फायरब्रांड नेता नंद किशोर ने अफसरों पर करारा हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो (Viral Video) में वह अधिकारियों को चुनौती देते नजर आ रहे रहे हैं। वे मांस-मीट की दुकान को बंद कराने की बात करते दिख रहे हैं। भाजपा के फायरब्रांड नेता के बयान पर अब राजनीति गरमाती दिख रही है। इस प्रकार अधिकारियों को सीधी चुनौती दिए जाने पर सवाल उठाए जाने की बात कही जा रही है।
भाजपा विधायक (BJP MLA Nand Kishor Gurjar) ने अपने बयान में कहा कि अधिकारी सुन लें किसी के भी संरक्षण में मांस और मीट की दुकान चल रही है तो उसे तुरंत बंद कर दें। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो वह अधिकारी लोनी में रह नहीं पाएगा। लोनी में मांस कटान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोनी में सिर्फ दूध और घी की नदियां बहेंगी। गौसंरक्षण और संवर्धन होगा।
विधायक नंद किशोर गुर्जर अपने भड़काऊ बयानों से चर्चाओं में रहते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि लोनी में न अली, न बाहुबली, सिर्फ बजरंग बली। इस पर खूब विवाद हुआ था। चुनाव आयोग (ECI) की ओर से इस मामले में उनसे जवाब तलब किया गया था। इसके अलावा वे बकरीद पर भी विवादित बयान देकर सुर्खियों में आ चुके हैं। अब उन्होंने पशुओं की कटाई के मामले को लेकर अधिकारियों को सीधी चुनौती दी है।





