Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

Dehradun News : इधर मुख्यमंत्री कर रहे थे भ्रष्टाचार पर प्रहार, उधर कानूनगो ले रहा था रिश्वत के 15 हजार

Janjwar Desk
8 April 2022 2:00 PM GMT
Dehradun News : इधर मुख्यमंत्री कर रहे थे भ्रष्टाचार पर प्रहार, उधर कानूनगो ले रहा था रिश्वत के 15 हजार
x

Dehradun News : इधर मुख्यमंत्री कर रहे थे भ्रष्टाचार पर प्रहार, उधर कानूनगो ले रहा था रिश्वत के 15 हजार

Dehradun News : मुख्यमंत्री जब भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही के लिए इस एप का शुभारंभ कर रहे थे तो ठीक इसी समय पड़ोस के हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील का कानूनगो पंद्रह हजार रुपए की रिश्वत के नोट पकड़ रहा था....

Dehradun News : भ्रष्टाचार को लेकर शुक्रवार के दिन उत्तराखंड (Uttarakhand) में एक मजेदार विद्रूप सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) एक तरफ जहां शुक्रवार के दिन राज्य की राजधानी देहरादून में प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त (Corruption Free State) बनाने के इरादे से एक शिकायती एप का शुभारंभ कर रहे थे तो ठीक उसी समय में राजधानी से कुछ ही दूरी पर रुड़की का एक कानूनगो पन्द्रह हजार रुपए की रिश्वत के नोट पकड़ते हुए गिरफ्तार हो रहा था।

घटनाक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में विजिलेंस विभाग (Vigilence Department) द्वारा द्वारा निर्मित एप भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड-1064 का शुभारम्भ कर रहे थे। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक 1064 नम्बर पर एप के माध्यम से एवं फोन से कोई भी व्यक्ति भरष्टाचार की शिकायत कर सकता है। यह नम्बर भारत सरकार से प्राप्त है। एप के माध्यम से प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जायेगा। शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखी जायेगी। यह एप हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एप पर जो भी शिकायते आती हैं, उनका यथाशीघ्र निस्तारण किया जाय। यदि किसी शिकायतकर्ता की शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाईन एवं संबंधित विभाग को भेजा जाए। शिकायतकर्ता द्वारा जो शिकायत की गई, उसके स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी भी उन्हें मिले। मुख्यमंत्री ने एप पर आने वाली शिकायतों की जांच के लिए सतर्कता विभाग के दो इन्सपेक्टर को टेबलेट भी दिये।

मुख्यमंत्री जब भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही के लिए इस एप का शुभारंभ कर रहे थे तो ठीक इसी समय पड़ोस के हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील का कानूनगो विजिलेंस के ट्रैप का शिकार बनकर पंद्रह हजार रुपए की रिश्वत के नोट पकड़ रहा था। नोट पकड़ते ही तहसील रूड़की में विजिलेंस की टीम ने इस कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

विकासनगर में रहने वाला राजकुमार नाम का यह कानूनगो रुड़की में तैनात है। एक जमीन का उपयोग परिवर्तन करने के लिए यह एक लाख रुपए मांग रहा था। जिससे यह कानूनगो रुपए मांग रहा था, उसने बजाए इसको रुपए देने के इसकी शिकायत देहरादून विजिलेंस ऑफिस में कर दी। जिस पर विजिलेंस की टीम ने राजकुमार को ट्रैपिंग करने का काम किया। अधिकारियों की निगरानी में रिश्वत का बाकायदा सौदा पटाया गया।

सौदे के तहत रिश्वत की पहली किश्त पंद्रह हजार में तय हुई। जिसे लेने के लिए लालच का मारा कानूनगो जैसे ही तहसील गेट पर आकर रुपए थामने लगा, वैसे ही विजिलेंस की टीम ने उसे कैमिकल लगे नोटों के साथ दबोच लिया। रिश्वतखोर को पकड़ने के बाद उसके हाथ धुलवाकर कैमिकलयुक्त पानी व नोटों को सील कर दिया गया। फिलहाल पकड़े गए रिश्वतखोर से जरूरी पूछताछ के बाद विजिलेंस टीम उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। विजिलेंस की कार्यवाही से तहसील परिसर रुड़की में हड़कंप मच गया। जिन लोगों ने भी अपनी_अपनी पार्टियों को अवैध लेनदेन के लिए तहसील में बुलाया था। आननफानन में सबको वापस लौटा दिया।

Next Story

विविध