Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

Himachal Pradesh में भाजपा ने की AAP पर सर्जिकल स्ट्राइक, प्रदेशस्तरीय नेतृत्व पर लगा दी झाड़ू

Janjwar Desk
9 April 2022 7:30 AM GMT
Himachal Pradesh में भाजपा ने की AAP पर सर्जिकल स्ट्राइक, प्रदेशस्तरीय नेतृत्व पर लगा दी झाड़ू
x

Himachal Pradesh में भाजपा ने की AAP पर सर्जिकल स्ट्राइक, प्रदेशस्तरीय नेतृत्व पर लगा दी झाड़ू

Himachal Pradesh : रणनीति के तहत भाजपा ने कल देर रात एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी के हिमाचल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी और संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर को पार्टी में शामिल करा दिया, उनके साथ ऊना के अध्यक्ष इक़बाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हुए......

सलीम मलिक की रिपोर्ट

Himachal Pradesh : हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता वापसी में रोड़ा बनने का प्रयास करने वाली आम आदमी पार्टी पर भाजपा ने राजनैतिक स्ट्राइक करते हुए उसके प्रदेश नेतृत्व को अपनी पार्टी में शामिल कर आम आदमी पार्टी को करारा झटका दे दिया। तीन दिन पूर्व राज्य में आप मुखिया अरविन्द केजरीवाल (Arvind Kejriwal) रोड शो से उत्साहित आम आदमी पार्टी (AAP) को भाजपा के इस कदम से गहरा झटका लगा है।

बता दें कि हाल ही में पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव (Assembly Election) में प्रचंड बहुमत से विजय हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने अब मिशन गुजरात और हिमाचल फतह सपने देखने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में आप संयोजक एवं दिल्ली के सीएम गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बड़े रोड शो कर चुके हैं। तीन दिन पहले ही अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने हिमाचल में रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई थी।

इस दौरान मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि बीजेपी सीएम जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) को हटा कर अनुराग ठाकुर को सीएम बनाना चाहती है, जिसका बीजेपी ने खंडन किया। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में गुजरात के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं। इन दोनो ही राज्यों में फिलहाल भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है। दोनो राज्यों में भाजपा के सामने जहां अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है। तो विपक्षी दल उसे येन केन प्रकारेन भाजपा को सत्ता से बेदखल करना चाहते हैं।

इसी रणनीति के तहत भाजपा ने कल देर रात एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी के हिमाचल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी और संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर को पार्टी में शामिल करा दिया। उनके साथ ऊना के अध्यक्ष इक़बाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हुए। कल देर रात केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर इन तीनों नेताओं को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के घर पहुँचे।

हिमाचल प्रदेश में केजरीवाल के रोड करने के तीन दिन बाद और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रदेश मे आने से कुछ घंटे पहले हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के सूत्रधार केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बताए जा रहे हैं। वही इन तीनों नेताओं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर लेकर पहुंचे जहां इनको भाजपा में शामिल किया गया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनका दौरा आज शनिवार से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगा।

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद अनूप केसरी ने कहा कि हम केजरीवाल से बहुत निराश हैं। हमने हिमाचल प्रदेश में पार्टी को खड़ा करके मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लेकिन रोड शो के दौरान उन्होंने हमें देखा तक नहीं। केवल अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान मंडी ही रोड शो के मुख्य आकर्षण थे।

अनूप केसरी ने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश में पिछले आठ वर्षों से आप के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ चौबीसों घंटे काम कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने मंडी में रैली और रोड शो के दौरान राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की। पहाड़ी राज्य में आप कार्यकर्ताओं ने इस अनदेखी को अपमान माना और स्वाभिमान के लिए पार्टी छोड़ दी। भाजपा में शामिल होने के बाद, उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख जेपी नड्डा को आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए और अधिक मेहनत करने का आश्वासन दिया।

मनीष सिसोदिया ने दी ये सफाई

इस पूरे मामले में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। सिसोदिया ने कहा कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाली पार्टी की डर का हालत यह है कि रात को 12 बजे उनके प्रेसिडेंट और केंद्रीय मंत्री AAP के एक ऐसे व्यक्ति को BJP में शामिल कराते हैं। जिसके खिलाफ शिकायत है कि वो महिलाओं के खिलाफ गन्दी बाते करता है। आज हम उसे पार्टी से निकालने वाले थे। हमने उसे बुलाकर कहा था कि आज आपको निकालेंगे।

उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि हिमाचल की जनता की आवाज BJP को समझ में आ गई है। हिमाचल में BJP के जो सीएम के चेहरे हैं, वे बौखलाहट में एक चरित्रहीन व्यक्ति को गले लगा लेते हैं। जिस व्यक्ति को उन्होंने लिया है, उसकी सही जगह BJP ही है। उनकी जगह वही है। AAP का स्पष्ट सिद्धांत है कि हम ऐसे लोगों को अपने साथ नहीं रखते हैं, जो एक आदमी गया वो अपने साथ कुछ और को लेकर गया होगा।

Next Story

विविध