Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

PM मोदी बोले, हमारी माताएं-बहनें और बेटियां बनीं BJP की जीत की सारथी, इसीलिए मिला चारों दिशाओं से आशीर्वाद और मैं बन गया UP वाला

Janjwar Desk
10 March 2022 5:09 PM GMT
पीएम मोदी बोले, हमारी माताएं-बहनें और बेटियां बनीं भाजपा की जीत की सारथी
x

पीएम मोदी बोले, हमारी माताएं-बहनें और बेटियां बनीं भाजपा की जीत की सारथी

Election Result 2022 : पांच राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा के सिर 4 राज्यों में जीत का ताज सजा है। इतनी बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय में अपने समर्थकों में जोश भरने का काम किया।

भाजपा के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यूपी में बड़ी जीत हासिल करना है। इसी के साथ भाजपा ने यहां इतिहास भी रचा है। यूपी में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ वापसी ही नहीं की है, बल्कि महिलाओं ने उन्हें अच्छा-खासा वोट दिया है। अगर यह कहा जाये कि इस बार योगी की जीत की इबारत ग्रामीण महिलाओं ने लिखी है तो इसमें कोई दोराय नहीं होगी। इसीलिए महिलाओं का विशेष आभार प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से कहा भी कि इस जीत हमारी माताएं-बहनें और बेटियां भाजपा की जीत की सारथी बनी हैं।

पार्टी मुख्यालय से अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'आज उत्साह और उत्सव का दिन है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से बीजेपी को सपोर्ट किया, वह अपने आप में बड़ा संदेश है कि जनता क्या चाहती है।'

पीएम मोदी ने कहा, चुनाव प्रचार के दौरान ही बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मुझे आश्वस्त किया था कि इस बार होली 10 मार्च यानी मतगणना वाले दिन से ही शुरू हो जाएगी और भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने इस आश्वासन को पूरा करने का भी काम किया।

अपने भाषण में उत्तर प्रदेश जोकि बहुत महत्वपूर्ण राज्य है, का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री योगी को जीत का श्रेय देने से नहीं चूके। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए, मगर 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का राज्य में पहला उदाहरण योगी बने हैं। गौरतलब है कि यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है।

भाजपा के लिए इस बार के चुनाव परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में उसके वोट बैंक में खासा बढ़ोतरी हुई है। गोवा में तो सभी एग्जिट पोल धराशाही हो गये और लगातार तीसरी बार भाजपा सत्तासीन हुयी। इस लिहाज से उत्तराखंड भी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण कहा जा सकता है। पृथक राज्य बनने के बाद भाजपा पहली ऐसी पार्टी बनी है, जो लगातार दूसरी बार सत्ता में आयी है। अब तक का इतिहास यह रहा था कि सत्ता में एक बार कांग्रेस आती थी और अगली बार भाजपा।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी बिना नाम लिये हमलावर हुए। उन्होंने कहा अब जनता ने तय कर ल‍िया क‍ि वे पर‍िवारवाद की राजनीत‍ि को खत्‍म करके मानेंगे। बनारस का सांसद होने के नाते वह कह सकते हैं क‍ि यूपी ने इतना प्‍यार द‍िया है कि वह भी यूपी वाले बन गए हैं।

Next Story