UP Election 2022 : सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा एलान, नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

अखिलेश यादव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलान किया है कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान ये बयान दिया।
बता दें कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। उनकी ताजा घोषणा से यह साफ हो गया है कि इस बार भी वह विधान परिषद के जरिए ही सदस्य बनेंगे। वर्तमान में वह आजमगढ़ से 17वीं लोकसभा के सदस्य हैं। 2012 में अखिलेश मुख्यमंत्री बनें थे तो वो उस समय 15वीं लोकसभा के सदस्य थे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 2017 में जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तब वह गोरखपुर से सांसद थे बाद में वह विधान परिषद के जरिए सदन के सदस्य बनें। हालांकि, इस बार उनके अयोध्या से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।
सीएम बनने के बाद 15वीं लोकसभा की सदस्यता छोड़ी
अखिलेश यादव मार्च 2012 में उत्तर प्रदेश के सबसे छोटे मुख्यमंत्री बने। उत्तर प्रदेश राज्य में विधानसभा परिषद का सदस्य बनने के लिए उन्होंने 15वीं लोकसभा के सदस्य के पद से 2 मई 2012 को इस्तीफा दिया था। उन्होंने चार बार वर्ष 2000, 2004, 2009 और 2019 का लोकसभा चुनाव जीता है। अखिलेश ने 2017 यूपी राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान लगभग 10,000 किलोमीटर की यात्रा की और यूपी में 800 रैलियों का आयोजन किया था।











