Begin typing your search above and press return to search.
Up Election 2022

UP Election 2022 : बुन्देलखण्ड की 19 में से किस सीट पर किसको मिल रही है बढ़त, जान लीजिए आंकलन

Janjwar Desk
7 March 2022 1:03 PM GMT
UP Election 2022 : बुन्देलखण्ड की 19 में से किस सीट पर किसको मिल रही है बढ़त, जान लीजिए आंकलन
x

UP Election 2022 : बुन्देलखण्ड की 19 में से किस सीट पर किसको मिल रही है बढ़त, जान लीजिए आंकलन

UP Election 2022 : ललितपुर सदर सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा बढ़त लेते दिख रहे हैं....उनका मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक राम रतन कुशवाहा से माना जा रहा है.....

लक्ष्मी नारायण शर्मा की रिपोर्ट

UP Election 2022 : बुन्देलखण्ड की 19 सीटों पर इस बार भाजपा (BJP) गठबंधन और सपा (Samajwadi Party) के बीच कांटे की टक्कर है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी और सपा, बसपा व कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। इस बार यहां चुनाव बेहद दिलचस्प और संघर्षमय है और सभी सीटों पर रोमांचक मुकाबला दिख रहा है।

झांसी जिले (Jhansi District) में चार विधानसभा सीटें हैं। झांसी सदर सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक रवि शर्मा (Ravi Sharma) बढ़त में दिखाई दे रहे हैं और उनका मुकाबला सपा के सीताराम कुशवाहा से माना जा रहा है। बबीना सीट पर सपा के यशपाल सिंह यादव बढ़त लेते दिख रहे हैं और उन्हें वर्तमान भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा से चुनौती मिल रही है। मऊरानीपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी तिलक चंद अहिरवार बढ़त में दिख रहे हैं और उनका मुकाबला अपना दल एस की प्रत्याशी डॉ रश्मि आर्य से माना जा रहा है। गरौठा सीट पर सपा के प्रत्याशी दीप नारायण सिंह यादव बढ़त लेते दिख रहे हैं और उनका सीधा मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक जवाहर लाल राजपूत से दिखाई दे रहा है।

ललितपुर सदर सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा बढ़त लेते दिख रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक राम रतन कुशवाहा से माना जा रहा है। ललितपुर जनपद की दूसरी सीट महरौनी पर भाजपा के वर्तमान विधायक मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी बढ़त लेते दिख रहे हैं लेकिन जानकारों के मुताबिक बसपा की किरन खटीक से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है।

जालौन जिले की उरई विधानसभा सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक गौरी शंकर वर्मा बढ़त में दिख रहे हैं और उनकी टक्कर सपा के दयाशंकर वर्मा से मानी जा रही है। जिले की माधौगढ़ विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी शीतल कुशवाहा बढ़त में हैं और उनकी टक्कर भाजपा के मूलचंद निरंजन से मानी जा रही है। कालपी विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी श्याम पाल बढ़त में माने जा रहे हैं और उनका मुकाबला निषाद पार्टी के प्रत्याशी छोटे सिंह से दिखाई दे रहा है।

महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक बृजभूषण राजपूत बढ़त में दिख रहे हैं और उनका मुकाबला बसपा के विनोद राजपूत से माना जा रहा है। महोबा सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी राकेश गोस्वामी बढ़त में माने जा रहे हैं और उनका मुकाबला बसपा के संजय साहू से माना जा रहा है।

बांदा जिले में विधानसभा की चार सीटें हैं। बांदा सदर सीट पर भाजपा के प्रकाश द्विवेदी मजबूत हैं और उनकी टक्कर सपा के मंजुल सिंह से है। नरैनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी ओममणि वर्मा बढ़त में हैं और उनका मुकाबला बसपा के गयाचरण दिनकर से है। बबेरू पर सपा के विशम्भर यादव मुख्य मुकाबले में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के अजय पटेल से है। तिंदवारी सीट पर भाजपा के रामकेश निषाद बढ़त में दिख रहे हैं और उनका मुकाबला सपा के बृजेश प्रजापति से है।

चित्रकूट जिले में विधानसभा की दो सीटें हैं। चित्रकूट सदर पर सपा के अनिल प्रधान मजबूत दिख रहे हैं और उनका मुकाबला भाजपा के चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय से माना जा रहा है। मानिकपुर सीट पर सपा के वीर सिंह पटेल आगे दिख रहे हैं और उनका मुकाबला अपना दल एस के अविनाश चन्द्र द्विवेदी से होने का अनुमान है।

हमीरपुर जिले में विधानसभा की दो सीटें हैं। हमीरपुर सदर सीट पर बसपा के रामफूल निषाद को मजबूत प्रत्याशी माना जा रहा है और उनका मुकाबला भाजपा के मनोज प्रजापति से है। राठ सीट पर भाजपा की मनीषा अनुरागी बढ़त में हैं और सपा की राजपूत चन्द्रवती वर्मा टक्कर देती दिखाई दे रही हैं।

चुनावी आंकलन से इतर विधानसभा सीटों पर चुनावी नतीजों में हेरफेर भी हो सकता है। बावजूद इसके बुन्देलखण्ड में भारतीय जनता पार्टी को सीट और वोट दोनों का सीधे तौर पर नुकसान होने का अनुमान दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर सपा और बसपा इस क्षेत्र में सीट और वोट की बढ़त लेते दिख रहे हैं। अब यह बढ़त निर्णायक स्तर पर पहुंचती है या फिर मैच फंसता है, चुनाव नतीजे आने तक इस बात पर सबकी नजर रहेगी।

Next Story

विविध