Begin typing your search above and press return to search.
विमर्श

सबसे अधिक अरबपतियों के साथ अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर, 166 अर​बपतियों के साथ भारत का तीसरा नंबर

Janjwar Desk
7 April 2022 7:41 AM GMT
सबसे अधिक अरबपतियों के साथ अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर, 166 अर​बपतियों के साथ भारत का तीसरा नंबर
x

Forbes List of Billionaires in a poor world : गरीब दुनिया के अरबपति

Forbes Billionaires 2022: दुनिया में गरीबों और भूखे लोगों की आबादी बढ़ रही है और इसी दुनिया में अरबपतियों की संख्या भी बढ़ती है...

महेंद्र पाण्डेय की टिप्पणी

Forbes Billionaires 2022: फोर्ब्स (Forbes) द्वारा प्रकाशित अरबपतियों की ताजा सूची (2022 list of billionaires) के अनुसार दुनिया में कुल 2668 अरबपति हैं और इनकी सम्मिलित संपत्ति 12.7 ख़रब डॉलर ($12.7 trillion) है। रूस-उक्रेन युद्ध और रूस पर लगाए गए अमेरिकी और यूरोपीय देशों के प्रतिबंधों के कारण इस वर्ष अरबपतियों की संख्या और उनकी सम्मिलित संपत्ति वर्ष 2021 की तुलना में कम हो गयी है।

वर्ष 2021 में कुल 2755 अरबपतियों के पास 13.1 ख़रब डॉलर की संपत्ति थी। वर्ष 2022 में अरबपतियों की संख्या में ऐसी कमी वर्ष 2009 के बाद पहली बार दर्ज की गयी है, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या रिकॉर्ड स्तर पर थी और 600 नए अरबपति इस सूची में पहली बार शामिल किये गए थे। रूस के हरेक अरबपति की संपत्ति में इस वर्ष कमी दर्ज की गयी है और पिछले वर्ष के 34 अरबपति इस सूची से इस वर्ष बाहर हो गए हैं।

इस वर्ष की अरबपतियों की सूची में 327 महिलायें हैं और इनकी सम्मिलित संपत्ति का मूल्य 1.56 ख़रब डॉलर है। वर्ष 2021 की सूची में 328 महिलायें थीं, पर इनकी सम्मिलित संपत्ति का मूल्य 1.53 ख़रब ही था। फ्रांस की सौन्दर्य प्रसाधन की कंपनी लोरेआल (L'Oreal) की मालकिन फ़्रन्कोइज बेत्तेन्कौर्त मेयेर्स (Francoise Bettencourt Meyers) दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं।

अरबपतियों की लिस्ट में इस वर्ष पहली बार बारबाडोस, बुल्गारिया, एस्तोनिया और उरुग्वे का नाम शामिल हुआ है। पहली बार इस सूची में 236 नए अरबपति शामिल हुए हैं, जिनमें पॉप गायिका रिहाना और लार्ड ऑफ़ द रिंग्स के निर्देशक पीटर जैक्सन भी शामिल हैं। अरबपतियों की सूची में 169 नाम ऐसे भी थे, जो वर्ष 2021 में पहली बार इस सूची में शामिल किये गए थे पर इस वर्ष की सूची में शामिल नहीं हैं।

पिछले कुछ दिनों से ट्विट्टर में 9.2 प्रतिशत की भागीदारी खरीदने वाले एलोन मस्क (Elon Musk) पहली बार अपनी 219 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर पहुंचे हैं। दूसरे स्थान पर अमेज़न के जेफ़ बेजोस (Jeff Bezos) हैं, तीसरे स्थान पर बर्नार्ड आरनौल्ट और उनका परिवार है, चौथे स्थान पर बिल गेट्स और पांचवें स्थान पर वारेन बफेट हैं। इस नामों में फ्रांस के बर्नार्ड आरनौल्ट को छोड़कर शेष सभी अमेरिका के हैं। इस सूची में दसवें स्थान पर भारत के मुकेश अम्बानी और ग्यारहवें स्थान पर गौतम अडानी का नाम है। मुकेश अम्बानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। दुनिया के कुल 8 अरबपति ऐसे भी हैं जिनकी संपत्ति 100 अरब से अधिक है।

सबसे अधिक अरबपति अमेरिका में हैं, जहां इनकी संख्या 735 है। दूसरे स्थान पर 607 अरबपतियों के साथ चीन है। चीन में शामिल कुल अरबपतियों में से 67 हांगकांग में और 1 मकाउ में है। अरबपतियों के सन्दर्भ में 166 अरबपतियों के साथ भारत तीसरे स्थान पर है, और 134 अरबपतियों के साथ जर्मनी चौथे स्थान पर है। इस सूची में पांचवें स्थान पर 83 अरबपतियों के साथ रूस है।

फोर्ब्स की सूची से एक बार फिर से दुनियाभर में पनपते पूंजीवाद की त्रासदी पर ध्यान जाता है – दुनिया में गरीबों और भूखे लोगों की आबादी बढ़ रही है और इसी दुनिया में अरबपतियों की संख्या भी बढ़ती है। यह सब अमीर और गरीब के बीच की बढ़ती खाई को दर्शाता है और बताता है कि दुनिया सबके लिए एक जैसी नहीं है और प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार भी के समान नहीं हैं।

(जनता की पत्रकारिता करते हुए जनज्वार लगातार निष्पक्ष और निर्भीक रह सका है तो इसका सारा श्रेय जनज्वार के पाठकों और दर्शकों को ही जाता है। हम उन मुद्दों की पड़ताल करते हैं जिनसे मुख्यधारा का मीडिया अक्सर मुँह चुराता दिखाई देता है। हम उन कहानियों को पाठक के सामने ले कर आते हैं जिन्हें खोजने और प्रस्तुत करने में समय लगाना पड़ता है, संसाधन जुटाने पड़ते हैं और साहस दिखाना पड़ता है क्योंकि तथ्यों से अपने पाठकों और व्यापक समाज को रु-ब-रु कराने के लिए हम कटिबद्ध हैं।

हमारे द्वारा उद्घाटित रिपोर्ट्स और कहानियाँ अक्सर बदलाव का सबब बनती रही है। साथ ही सरकार और सरकारी अधिकारियों को मजबूर करती रही हैं कि वे नागरिकों को उन सभी चीजों और सेवाओं को मुहैया करवाएं जिनकी उन्हें दरकार है। लाजिमी है कि इस तरह की जन-पत्रकारिता को जारी रखने के लिए हमें लगातार आपके मूल्यवान समर्थन और सहयोग की आवश्यकता है।

सहयोग राशि के रूप में आपके द्वारा बढ़ाया गया हर हाथ जनज्वार को अधिक साहस और वित्तीय सामर्थ्य देगा जिसका सीधा परिणाम यह होगा कि आपकी और आपके आस-पास रहने वाले लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित करने वाली हर ख़बर और रिपोर्ट को सामने लाने में जनज्वार कभी पीछे नहीं रहेगा, इसलिए आगे आएं और अपना सहयोग दें।)

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध