Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

बिहार में विधानसभा चुनाव तय समय पर, देश में 65 सीटों पर उपचुनाव भी होंगे साथ ही

Janjwar Desk
4 Sep 2020 4:54 PM GMT
बिहार में विधानसभा चुनाव तय समय पर, देश में 65 सीटों पर उपचुनाव भी होंगे साथ ही
x

File photo

चुनाव आयोग ने कहा है कि 29 नवंबर से पहले बिहार में चुनाव होगा, बिहार विधानसभा चुनावों के साथ ही विभिन्न राज्यों में 64 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर भी चुनाव होंगे चुनाव आयोग की इस घोषणा के बाद यह अब यह तय हो गया है कि बिहार विधानसभा का चुनाव समय पर होगा...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा के चुनाव नियत समय पर होंगे, अब यह तय हो गया है। यानि अक्टूबर-नवंबर में चुनाव करा लिए जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा है कि 29 नवंबर से पहले बिहार में चुनाव होगा। बिहार विधानसभा चुनावों के साथ ही विभिन्न राज्यों में 64 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर भी चुनाव होंगे। चुनाव आयोग की इस घोषणा के बाद यह अब यह तय हो गया है कि बिहार विधानसभा का चुनाव समय पर होगा।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा देश की 64 विधानसभा सीटों पर संभावित उपचुनाव की तारीख भी बढ़ा दी है। साथ ही बिहार की वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव की भी तारीख बढ़ा दी गई है। माना जा रहा है कि देश के विभिन्न राज्यों के 64 विधानसभा और बिहार की एक लोकसभा सीट वाल्मीकिनगर पर उपचुनाव भी बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही होंगे।

कहा जा रहा था कि कोरोना संक्रमण के कारण बिहार विधानसभा चुनाव टल सकता है। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि बिहार विधानसभा का चुनाव अपने तय समय पर ही होगा।

उल्लेखनीय है कि बिहार में नई सरकार का गठन 29 नवंबर से पहले कर लेने की बाध्यता है, चूंकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल उस समय तक का ही है। इसी बीच में दशहरा, दीवाली और छठ जैसे त्यौहार भी पड़ रहे हैं। अक्टूबर माह में नवरात्र है तो नवंबर माह में दिवाली और छठ।

इसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में बिहार विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। बिहार में नवरात्र, धनतेरस, दीपावली और फिर छह दिनों का महापर्व छठ होता है। इस बार 13 नवंबर को धनतेरस है और 21 नवंबर को महापर्व छठ खत्म हो रहा है।

वर्तमान 16 वें विधानसभा का पहला सत्र 30 नवंबर 2015 को शुरू हुआ था, इसलिए 29 नवंबर को विधानसभा भंग हो जाएगी। इससे पहले नई सरकार का गठन किया जाना है।

इसके साथ ही चुनाव आयोग द्वारा देश की 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख भी बढ़ा दी गई है। साथ ही बिहार के वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव की भी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। पहले चुनाव आयोग ने 7 सितंबर तक उपचुनाव को कोरोना की वजह से टाल दिया था। अब माना जा रहा है कि देश की 64 विधानसभा और बिहार की एक लोकसभा सीट वाल्मीकिनगर पर उपचुनाव भी बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही होगा।

Next Story

विविध