Begin typing your search above and press return to search.
पर्यावरण

Uttarakhand Heavy Rain Alert : भारी बारिश से उत्तराखण्ड के कुमाउं में गौला पुल टूटा-उफनाई नदियां, 5 की मौत

Janjwar Desk
19 Oct 2021 7:19 AM GMT
Uttarakhand Heavy Rain Alert : भारी बारिश से उत्तराखण्ड के कुमाउं में गौला पुल टूटा-उफनाई नदियां, 5 की मौत
x

(भारी बारिश से गौला बैराज पर बना पुल टूटा)

Uttarakhand Heavy Rain Alert : अल्‍मोड़ा जिले में बारिश से भिकियासैंण तहसील के रापड गांव में पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक मकान ध्‍वस्‍त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। कुछ लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई।

सलीम मलिक की रिपोर्ट

Uttarakhand Heavy Rain Alert। उत्तराखंड (Uttarakhand) में तीन दिन की भारी बारिश (Heavy Rain) के अलर्ट का आखिरी दिन कुमाउं मण्डल पर भारी पड़ रहा है। मंगलवार की सुबह भूस्खलन (Landslide) से पांच लोगों की मौत के साथ अमंगल ने दस्तक दी है। गौला, कोसी, शारदा सभी नदियां अपने रौद्र रूप में हैं। गौला नदी पुल का एक हिस्सा टूटने से यातायात रोक दिया गया है। हालांकि देहरादून सहित गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में मंगलवार मौसम ने राहत दी और सुबह ही धूप खिल गई, लेकिन कुमाऊं मंडल में बारिश का दौर जारी है।

अल्‍मोड़ा जिले (Almora) में बारिश से भिकियासैंण तहसील के रापड गांव में पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक मकान ध्‍वस्‍त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। कुछ लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। एसडीआरएफ की टीम मौके पर रेस्क्यू कर रही है। वहीं कपकोट के भनार गांव के एक युवक पहाड़ से गिर रहे पत्थरों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। अल्‍मोड़ा में हीरा डूंगरी नामक जगह पर एक मकान की दीवार गिरने से किशोरी अरुमा सिंह पुत्री त्रिलोक सिंह मलबे में दब गई। उसका शव बरामद कर लिया गया है। अल्मोड़ा जिले में बारिश के दौरान विभिन्न क्षेत्र में 10 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

मंगलवार की तड़के भिकियासैंण (Bhikiasain) के रापड गांव में मूसलधार बारिश से आधी रात के बाद करीब दो बजे आनंद सिंह नेगी (60 वर्ष) पुत्र मदन सिंह नेगी के मकान पर पहाड़ी से मलबा आ गिरा। वह कुछ समझ पाते तब तक मलबे से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। आनंद सिंह नेगी की पत्नी उषा ने भागकर जान बचाई। आनंद सिंह नेगी व उनके बड़े भाई गोवर्धन सिंह की लड़की के दो बच्चे तन्नू (12 वर्ष) पुत्र मदन सिंह, किरन (16 वर्ष) पुत्री मदन सिंह मलबे में दब गए। वे कुछ समय से नाना आनंद सिंह के यहां रह रहे थे। अल्‍मोड़ा के ही हीरा डूंगरी इलाके में एक मकान की दीवार गिर गयी। इससे एक किशोरी अरूमा सिंह पुत्री त्रिलोक सिंह मलबे में दबकर मौत हो गई। जिलाधिकारी अल्मोड़ा वंदना सिंह ने बताया कि जिले में चार लोगों की मौत हो गई है। राहत व बचाव कार्य जारी है। सड़कें सुचारु करने का कार्य जारी है।

उधर, बागेश्वर जिले (Bageshwar) में कपकोट के शामा बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे भनार गांव निवासी गिरीश चन्द्र सिंह पुत्र गोविन्द सिंह रास्ते में पहाड़ से गिर रहे पत्थरों में दबकर मौत की चपेट में आ गया। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के चलते कुमाउं के सभी नदी, नाले उफान पर है। इसी के चलते गौला बैराज का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने का कार्य बीती शाम से ही शुरू कर दिया था।

गौला नदी पर बना पुल का एक बड़ा हिस्सा टूट कर गिर गया है। सुबह-सुबह आवाजाही ना होने की वजह से बड़ा एक हादसा होने से टल गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवाजाही दोनों तरफ से बंद करा दी गई है, पुल का बड़ा हिस्सा टूट जाने से चोरगलिया सितारगंज और टनकपुर को जाने वाले वाहनों को अब वाया काठगोदाम से होकर भेजा जा रहा है।

Next Story

विविध