Begin typing your search above and press return to search.
बिहार

बिहार: कोरोना को हराकर घर लौटे पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, मीडिया से बात करते छलकी आंखें

Janjwar Desk
2 Jan 2021 2:31 PM GMT
बिहार: कोरोना को हराकर घर लौटे पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, मीडिया से बात करते छलकी आंखें
x
घर पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए मांझी की आंखे छलछला गईं, उन्होंने लोगों को शुभकामना देते हुए राज्य की समृद्धि और उन्नति की कामना की...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। कोरोना को हराकर पूर्व सीएम जीतनराम मांझी आज घर वापस लौट आए। एम्स अस्पताल से उन्हें आज शनिवार को छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही मांझी अपने घर पहुंचे। घर पहुंचते की खुशी मांझी के चेहरे और उनकी आंखों में साफ झलक रही थी।इधर घर पहुंचने पर परिजनों ने आरती उतारकर मांझी का स्वागत किया।

घर पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए मांझी की आंखे छलछला गईं। उन्होंने सभी लोगों को शुभकामना देते हुए राज्य की समृद्धि और उन्नति की कामना की।

मांझी ने कहा 'मुझे विश्वास था कि मैं कोरोना को हराकर घर लौट आउंगा, जो आज आ गया। अस्पताल जाते वक्त मैंने परिवार वालों से कह दिया था हमारी जिंदगी का क्या क्या भरोसा है।'

उन्होंने कहा कि मैं परिवार के लोगों को हमेशा कहता रहा हूं कि शरीर नश्वर है। हर किसी को एक न एक दिन जाना है, इसलिए चिंता नहीं करनी है। अपना काम करते रहना है।

बता दें कि कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पिछले दिनों मांझी को पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए थे।

घर पहुंचने पर सबसे पहले पत्नी शांति देवी ने उनकी नजर उतारी। उसके बाद उन्होंने मीडिया के साथ बात की। मांझी पिछले 12 दिसंबर को ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पहले वे घर पर ही आइसोलेशन में थे। बाद में उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां पिछले 13 दिनों से उनका इलाज चल रहा था।

इलाज के दौरान ही एक बार ऐसी खबर निकल कर सामने आयी, जिसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे थे। लेकिन मांझी ने खुद ट्वीट कर सारी खबरों का खंडन किया।

एम्स में इलाज के दौरान खबर आयी कि मांझी ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और उनकी स्थिति क्रिटिकल हो चुकी है। यह खबर पूरे प्रदेश में आग की तरह फैल गयी। कुछ ही पल बाद मांझी के ट्वीटर हैंडल से इन सारे अफवाहों का खंडन किया गया। बताया गया कि मांझी जी स्वस्थ है। बहुत जल्द उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

Next Story

विविध