Begin typing your search above and press return to search.
बिहार

बिहार में सत्ता का खेल : राबड़ी देवी का मुकेश सहनी पर आरोप, डिप्टी सीएम के लिए आपका भी फोन आया था

Janjwar Desk
28 Nov 2020 3:05 AM GMT
बिहार में सत्ता का खेल : राबड़ी देवी का मुकेश सहनी पर आरोप, डिप्टी सीएम के लिए आपका भी फोन आया था
x
राजद नेता राबड़ी देवी ने मुकेश सहनी पर आरोप लगाया है कि उनकी ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए महागठबंधन को फोन किया गया था...

जनज्वार। बिहार में नाजुक बहुमत पर एनडीए में सत्ता का घमासान मचा हुआ है। छोटे राजनीतिक घटकों के भी इस ओर से उस ओर जाने से सत्ता का पूरा समीकरण बदल सकता है। ऐसे में भाजपा विधायक द्वारा लालू प्रसाद यादव पर प्रलोभन देने का आरोप लगाए जाने के बाद विधान परिषद में विपक्ष की नेता व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने वीआइपी के अध्यक्ष व मंत्री मुकेश सहनी पर आरोप लगाया है कि उप मुख्यमंत्री पद के लिए आपका भी फोन हमलोगों के पास आया था।

मुकेश सहनी ने सदन में बहस के दौरान राजद के सुबोध कुमार से कहा कि उप मुख्यमंत्री पद के लिए आपका फोन हमारे पास आया था। इसके बाद राबड़ी देवी ने उन्हें जवाब दिया कि आपका भी फोन उपमुख्यमंत्री पद के लिए आया था। राबड़ी देवी के इतना कहने के बाद मुकेश सहनी अपनी सीट पर बैठ गए। हालांकि मुकेश सहनी ने यह कहा कि वे केवल सुबोध कुमार से बात कर रहे हैं और महागठबंधन पर बोल रहे हैं।

राबड़ी देवी ने इस दौरान कहा कि गांव में स्कूल नहीं होने की वजह से वे पढ नहीं सकीं, लेकिन हर बात की जानकारी रखती हैं। उन्होंने कहा कि राजद पर जंगल राज व लालू प्रसाद पर चारा घोटाले का आरोप लगता है लेकिन यहां बेदाग कौन है। हालांकि राबड़ी के इस बयान पर मंत्री मंगल पांडेय ने आपत्ति जतायी और कहा कि वे सदन को अपमानित कर रही हैं।

राबड़ी देवी ने कहा कि चारा घोटाले की जांच 1977 से करने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया था, लेकिन जांच 1990 से की गई। राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में सिर्फ नालंदा का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि राजद के शासन काल में केंद्र से विकास के लिए पैसे नहीं दिए जाते थे।

इससे पहले भाजपा ने लगाया था आरोप

राबड़ी देवी के आरोप से पहले पीरपैती से भाजपा के विधायक ललन पासवान ने लालू प्रसाद यादव पर स्पीकर चुनाव में एनडीए उम्मीदवार को हराने के लिए प्रलोभन देने का आरोप लगाया था। सुशील कुमार मोदी ने इसका कथित आडियो भी सार्वजनिक किया था। भाजपा के आरोपों के अनुसार, लालू प्रसाद यादव ने स्पीकर चुनाव में एनडीए उम्मीदवार को हराने के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन होने पर ललन पासवान को मंत्री बनाने का प्रलोभन दिया था।

सुशील कुमार मोदी ने यह भी कहा था कि जिस फोन नंबर से ललन पासवान को फोन आया था उस पर मेरे द्वारा वापस काॅल करने पर सीधे लालू प्रसाद यादव ने फोन उठाया तो मैंने उन्हें कहा कि आप इसमें सफल नहीं होंगे। ललन पासवान के अनुसार, जिस समय लालू का फोन आया था वे सुशील कुमार मोदी के घर पर ही थे।

Next Story

विविध