Begin typing your search above and press return to search.
दिल्ली

दिल्ली समेत आस-पास के राज्यों की सबसे बड़ी सेक्स रैकेट संचालक सोनू पंजाबन को 24 साल की सजा

Janjwar Desk
22 July 2020 2:32 PM GMT
दिल्ली समेत आस-पास के राज्यों की सबसे बड़ी सेक्स रैकेट संचालक सोनू पंजाबन को 24 साल की सजा
x
सोनू पंजाबन को एक 12 साल की बच्ची के अपरहण, रेप और उसे जबरन जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने 24 साल की सजा सुनाई है....

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों तक में जिस्मफरोशी का सबसे बड़ा रैकेट चलाने वाली गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन को 24 साल की सजा दी गई है। दिल्ली में सबसे बड़ा रैकेट चलाने वाली सोनू पंजाबन उर्फ गीता अरोड़ा को पहली बार किसी केस में सजा सुनाई गई है। उसे एक 12 साल की बच्ची के अपरहण, रेप और उसे जबरन जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने 24 साल की सजा सुनाई है। जबकि उसके एक अन्य साथी संदीप बेदवाल को 20 साल की सज़ा सुनाई गई है।

गौरतलब है कि साल 2009 में दिल्ली के हर्ष विहार इलाके से एक 12 साल की बच्ची का अपरहण हुआ था। जिसके 5 साल बाद यानी 2014 में वो बच्ची नजफगढ़ थाने पहुंची और अपनी पूरी आपबीती बताई। बच्ची ने बताया कि साल 2006 में जब वह छठवीं क्लास में पढ़ रही थी तब उसकी दोस्ती संदीप बेदवाल नाम के शख्स से हो गई थी। 2009 में ही संदीप ने उसे बहला फुसलाकर शादी करने के बहाने लक्ष्मी नगर ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। फिर उस बच्ची को अलग-अलग लोगों को 10 बार बेचा गया।

इस बीच बच्ची सोनू पंजाबन के पास भी रही जिसने उसे जबरन जिस्मफरोशी के धंधे में धकेल दिया। इस दौरान बच्ची को नशे के इंजेक्शन दिए जाते रहे तथा और भी न जाने कितने लोगों ने उसके साथ रेप किया। बच्ची को दिल्ली के अलावा हरियाण और पंजाब भी भेजा गया। आखिर में सतपाल नाम के एक शख्स ने बच्ची से जबरन शादी कर ली। जिसके बाद बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर नजफगढ़ थाने पहुंच गई।

2009 के इसी मामले की जांच क्राइम ब्रांच के डीसीपी भीष्म सिंह की टीम ने की और सोनू पंजाबन समेत संदीप बेदवाल को गिरफ्तार किया गया। अब कोर्ट ने दोनों को रेप और अन्य संगीन धाराओं में सज़ा सुनाई है। जिसमे सोनू को 24 तो बेदवाल को 20 साल की सश्रम सजा सुनाई गई है।

आपको बता दें कि कुछ साल पहले तक सोनू पंजाबन दिल्ली में जिस्मफरोशी की दुनिया में सबसे बड़ा नाम हुआ करता था। उसके रैकेट में दर्जनों दलाल और लड़कियां थीं। उस पर हत्या से लेकर जिस्मफरोशी के दर्जनों केस दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस ने सोनू पर मकोका भी लगाया जिसमें वह करीब एक साल जेल में रही, लेकिन फिर बाहर आ गई।

अब पुलिस ने उसे 12 साल की बच्ची के मामले में संदीप के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार हुए जिनके खिलाफ कोर्ट में सुनवाई जारी है। जबकि 4 अन्य आरोपियों की तलाश अब भी चल रही है। इसी केस में सोनू पंजाबन और संदीप को कोर्ट ने दोषी करार देने के बाद आज सज़ा सुना दी। वहीं मामले में पीड़ित लड़की को पुलिस ने सुरक्षा दी है।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story