Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Karnataka Violence: हिजाब को लेकर कर्नाटक में बवाल, उपद्रवियों ने पत्थरबाजी के बाद तिरंगा हटाकर फहराया भगवा झंडा

Janjwar Desk
8 Feb 2022 1:08 PM GMT
karnataka news
x

(कर्नाटक में पत्थरबाजी के बाद तिरंगा हटाकर फहराया भगवा झंडा)

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य में अब तक हिजाब और भगवा को लेकर कोई विवाद नहीं था। भाजपा सरकार जानबूझकर इस मुद्दे को हवा दे रही है...

Karnataka Violence: कर्नाटक में हिजाब (Hijab) विवाद को लेकर जबरदस्त हंगामा जारी है। दिनभर कॉलेजों में दोनों ही पक्षों के स्टूडेंट इसको लेकर प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद राज्य सरकार ने अगले तीन दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। इधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हिजाब विवाद के पीछे गजवा-ए-हिंद का हाथ होने की बात कही है। उन्होंने इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार दिया है।

इससे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट में मंगलवार को हिजाब मामले में मुस्लिम छात्राओं की 4 याचिकाओं पर सुनवाई हुई। जस्टिस कृष्णा दीक्षित ने कहा कि हम कारणों और कानून के मुताबिक चलेंगे। किसी के जुनून या भावनाओं से नहीं। जो संविधान कहेगा, हम वही करेंगे। संविधान ही हमारे लिए भगवद्-गीता है। कोर्ट बुधवार को एक बार फिर ढाई बजे मामले पर सुनवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि एक मामले में जो भी फैसला होगा, वह सभी याचिकाओं पर लागू होगा। वकील देवेंद्र कामत ने मुस्लिम छात्राओं की ओर से कोर्ट में पक्ष रखा। वहीं राज्य के एडवोकेट जनरल (AG) ने सरकार की ओर से सुनवाई में हिस्सा लिया।

पत्थरबाजी के बाद तिरंगे की जगह फहराया भगवा

सोशल मीडिया पर हिजाब विवाद अब भगवा और तिरंगे की जंग का रूप ले चुकी है। एक वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर कुछ युवक कॉलेज में लगे तिरंगे झंडे को हटाकर भगवा झंडा लगाते हुए दिख रहे हैं। घटना शिमोगा की बताई जा रही है।

यहां सुबह ही मुस्लिम युवकों ने प्रदर्शन के दौरान कॉलेज में पत्थरबाजी की थी। इस घटना की वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि भास्कर इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जिला प्रशासन ने यहां धारा 144 लागू कर दिया है। साथ ही कॉलेज प्रशासन को अपने हिसाब से छुट्‌टी का फैसला लेने का निर्देश दिया है। इधर, कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ऐसी घटनाओं से प्रभावित शैक्षिक संस्थाओं को एक हफ्ते के लिए बंद करने का सुझाव दिया है।

1 जनवरी को शुरू हुआ था हिजाब पर विवाद

कर्नाटक में हिजाब को लेकर विवाद 1 जनवरी को शुरू हुआ था। यहां उडुपी में 6 मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनने के कारण कॉलेज में क्लास रूम में बैठने से रोक दिया गया था। कॉलेज मैनेजमेंट ने नई यूनिफॉर्म पॉलिसी को इसकी वजह बताया था। इसके बाद इन लड़कियों ने कर्नाटक हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। लड़…

इस तरह शुरू हुआ था विवाद

कर्नाटक के कुंडापुरा कॉलेज की 28 मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनकर क्लास अटैंड करने से रोका गया था। मामले को लेकर छात्राओं ने हाईकोर्ट में याचिका लगाते हुए कहा था कि इस्लाम में हिजाब अनिवार्य है, इसलिए उन्हें इसकी अनुमति दी जाए। इन छात्राओं ने कॉलेज गेट के सामने बैठकर धरना देना भी शुरू कर दिया था।

लड़कियों के हिजाब पहनने के जवाब में कुछ हिंदू संगठनों ने लड़कों को कॉलेज कैंपस में भगवा शॉल पहनने को कहा था। वहीं, हुबली में श्रीराम सेना ने कहा था कि जो लोग बुर्का या हिजाब की मांग कर रहे हैं, वे पाकिस्तान जा सकते हैं। ये सवाल भी उठाया गया था कि हिजाब पहनकर क्या भारत को पाकिस्तान या अफगानिस्तान बनाने की कोशिश की जा रही है?

विवाद रोकने दो कॉलेजों में दो दिन की छुट्‌टी

विवाद बढ़ता देखकर कर्नाटक के विजयपुरा के दो कॉलेज शांतेश्वरा पीयू और जीआरबी कॉलेज में दो दिन की छुट्टी कर दी गई है, जबकि उडुपी के कॉलेज में हिजाब के साथ छात्राओं को आने की इजाजत दे दी गई थी। दूसरी तरफ कुंडापुरा के सरकारी पीयू कॉलेज ने कैम्पस में सोमवार को मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनकर आने की अनुमति तो दी, लेकिन यह नियम भी लागू किया कि वे अलग क्लास में बैठेंगीं। ये छात्राएं कॉलेज गेट के बाहर रोज कॉलेज शुरू होने से लेकर खत्म होने तक प्रदर्शन कर रही थीं।

हाइकोर्ट का फैसला आने तक नियम मानें- सीएम

इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने स्कूली छात्राओं से कहा है कि जब तक हाईकोर्ट इस मामले में फैसला नहीं सुना देता, तब तक वे यूनिफॉर्म को लेकर राज्य सरकार के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों में यूनिफॉर्म को लेकर नियम बनाए गए हैं, ताकि सभी छात्र एक जैसे दिखें। इन नियमों का संविधान में भी जिक्र है और इनका पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये नियम कर्नाटक एजुकेशन एक्ट में भी लिखे गए हैं। इस बारे में एक नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।

हिजाब पर राजनीति कर रही है भाजपा- कांग्रेस

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य में अब तक हिजाब और भगवा को लेकर कोई विवाद नहीं था। भाजपा सरकार जानबूझकर इस मुद्दे को हवा दे रही है। भाजपा का मकसद इस पर राजनीति करना है। राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट कर इसे भाजपा का एजेंडा कहा था। उन्होंने इसे निजी आजादी के लिए खतरा भी बताया था।

तीन साल पहले भी हुआ था विवाद

करीब 3 साल पहले भी हिजाब को लेकर स्कूल में विवाद हुआ था। तब फैसला लिया गया था कि कोई हिजाब पहनकर नहीं आएगा, लेकिन पिछले कुछ दिनों से स्टूडेंट्स हिजाब पहनकर स्कूल आने लगीं। इसका विरोध करते हुए कुछ स्टूडेंट्स ने भगवा पहनने का फैसला किया था।

Next Story

विविध