Begin typing your search above and press return to search.
झारखंड

झारखंड : गुमला में नेत्रहीन दिव्यांग नाबालिग लड़की से गैंगरेप, गर्भवती होने पर खुला राज

Janjwar Desk
21 Jan 2021 5:50 AM GMT
झारखंड : गुमला में नेत्रहीन दिव्यांग नाबालिग लड़की से गैंगरेप, गर्भवती होने पर खुला राज
x
पीड़िता के परिवार की शिकायत पर गुमला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। बुधवार को पुलिस ने लड़की को अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल चेकअप व कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया।

जनज्वार। झारखंड के गुमला जिले में एक नेत्रहीन दिव्यांग लड़की किए जाने के बाद उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। 16 वर्षीया लड़की दिव्यांग होने के साथ मानसिक रूप से भी अस्वस्थ है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के गांव में एक संस्था के कुछ सदस्य पहुंचे और लड़की की स्थिति देखकर छानबीन शुरू की।

इस मामले में गुमला सदर थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद महिला थाना पुलिस ने बुधवार को लड़की का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया है। दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में दो युवको को आरोपी बनाया गया है। लड़की का इस मामले में कोर्ट में बयान भी दर्ज कराया गया है।

एक सप्ताह पहले एक संस्था की ओर से कुछ महिलाएं गांव पहुंची तो तो लड़की की स्थिति देखकर उन लोगों को संदेह हुआ और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की जानकारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, गुमला को दी गयी। सीडब्ल्यूसी ने मिशन बदलाव नामक संस्था से इस मामले में सहयोग मांगा। मिशन बदलाव के जीतेश मिंज ने गांव जाकर आंगनबाड़ी सेविका सहित कई लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद लड़की से गैंगरेप होने और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया। इसके बाद 19 जनवरी को मामले की सूचना महिला थाने को दी गयी।

पीड़िता के परिवार की शिकायत पर गुमला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। बुधवार को पुलिस ने लड़की को अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल चेकअप व कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया।

इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है और लड़की के नेत्रहीन दिव्यांग होने की वजह से वह आरोपियों की पहचान नहीं कर सकती है, इसलिए आवाज के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जाएगी।

इस मामले में महिला थाना की प्रभारी प्रियंका तिर्की ने कहा है कि पीड़िता देख नहीं सकती, वह मानसिक रोगी भी है, इसलिए घटना को लेकर सही से कुछ नहीं बता पा रही है। पूछताछ में उसने दो युवकों द्वारा गलत किए जाने की बात कही है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Next Story

विविध