Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

कांग्रेस ने विकास दुबे के सरेंडर में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र की 'भूमिका' की जांच की मांग उठाई

Janjwar Desk
9 July 2020 12:07 PM GMT
कांग्रेस ने विकास दुबे के सरेंडर में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र की भूमिका की जांच की मांग उठाई
x

Madhya Pradesh Home Minister Narottam Mishra.

विकास दुबे के सरेंडर पर कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है...

जनज्वार। कानपुर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश विकास दुबे की गुरुवार(9 july 2020) को उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास से गिरफ्तारी होने के बाद राजनीति भी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आरोप-प्रत्यारोप कर रही हैं और एक-दूसरे से सवाल पूछ रही हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ कांग्रेस ने भी सवाल पूछा है कि विकास दुबे ने उस प्रदेश में समर्पण किया जहां के गृहमंत्री लोकसभा में कानपुर के प्रभारी रहे भाजपा नेता नरोत्तम मिश्र हैं।

नरोत्तम मिश्र मध्यप्रदेश के गृहमंत्री हैं और वे पहले अहम राजनीतिक व्यक्ति हैं, जिन्होंने मीडिया में यह बयान दिया कि मध्यप्रदेश की पुलिस कानपुर इनकाउंटर के बाद से ही अलर्ट पर थी और आज उसको उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास गिरफ्तार कर लिया गया।

नरोत्तम मिश्र ने कहा कि वारदाता होने के बाद से ही हमने पूरे मध्यप्रदेश की पुलिस को अलर्ट मोड में रखा था और पूरी निगाह रखी जा रही थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। निश्चित रूप से पहले से वह क्रूरता की हदें पार करता रहा है और इसलिए जो भी कृत्यु किया है वह निंदनीय है और मध्यप्रदेश की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कांग्रेस ने कहा है कि यह संयोग है, प्रयोग है या कुछ और है, इसकी जांच करायी जानी चाहिए।

छत्तीसगढ कांग्रेस ने नरोत्तम मिश्र का विकास दुबे पर दिए बयान का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में नरोत्तम मिश्रा कानपुर के इंचार्ज थे, ऐसी खबर है। विकास दुबे ने मध्य प्रदेश में सरेंडर किया है, नरोत्तम मिश्रा गृह मंत्री हैं।

छत्तीसगढ कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह ने आज कि मीडिया के माध्यम से सूचना आई है कि कानपुर के कुख्यात सरगना विकास दुबे ने उज्जैन ने सरेंडर कर दिया है। लेकिन, साथ ही साथ ऐसी सूचना भी आ रही है कि मध्यप्रदेश के वर्तमान के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में कानपुर के प्रभारी थे। अब कानपुर का ही हत्यारा उस राज्य में आकर आत्मसमर्पण करता है, यह संयोग है, प्रयोग है या सत्ता का दुरुपयोग है, कांग्रेस पार्टी इसकी जांच कराने की मांग करती है।

Next Story