Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

भाजपाई कृषि मंत्री का दावा, किसान आंदोलन के पीछे पाकिस्तान-चीन जैसे दुश्मन देश का हाथ

Janjwar Desk
3 Dec 2020 4:19 AM GMT
भाजपाई कृषि मंत्री का दावा, किसान आंदोलन के पीछे पाकिस्तान-चीन जैसे दुश्मन देश का हाथ
x

हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल की फाइल फोटो

इससे सवाल उठाए जा रहे हैं कि एक संवैधानिक और जिम्मेदार पद पर बैठे किसी व्यक्ति द्वारा देश के अन्नदाताओं के ऊपर इस तरह के आरोप लगाया जाना क्या उचित है...

जनज्वार। केंद्रीय कृषि कानून के विरुद्ध देश के किसान पिछले कई दिनों से आंदोलन पर हैं। किसान इन नए कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं और केंद्र सरकार के साथ पहले दौर की वार्ता विफल हो चुकी है। इस बीच हरियाणा की मनोहरलाल खट्टर नीत बीजेपी सरकार के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने एक विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने किसान आंदोलन को चीन और पाकिस्तान की साजिश करार दे दिया है। उल्लेखनीय है कि किसान आंदोलन में हरियाणा और पंजाब के किसानों की भागीदारी सबसे ज्यादा है।

इससे सवाल उठाए जा रहे हैं कि एक संवैधानिक और जिम्मेदार पद पर बैठे किसी व्यक्ति द्वारा देश के अन्नदाताओं के ऊपर इस तरह के आरोप लगाया जाना क्या उचित है? हालांकि कथित मेनस्ट्रीम मीडिया के एक धड़े और आईटी सेल्स द्वारा इस तरह की खबरें लोगों के बीच परोसी जा रही हैं और किसान आंदोलन को लेकर एक अलग नैरेटिव कायम करने की कोशिश की जा रही है।

एक निजी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि किसान आंदोलन के पीछे दुश्मन देशों यानि चीन और पाकिस्तान का हाथ है। उन्होंने जनांदोलनों पर भी सवाल उठा दिए। मंत्री ने कहा कि इस देश का नीति निर्धारण सड़क पर होगा क्या। पांच हजार-दस हजार-बीस हजार किसान सड़क पर आ जाएं। नीति निर्धारण सड़क पर होगा या पार्लियामेंट में।

मंत्री ने कहा कि पार्लियामेंट में नीति निर्धारण कौन करता है, जनता के चुने हुए प्रतिनिधि। जनता को अगर वह पसन्द नहीं आएगा, तो उन्हें हटाने का हक है, वह हटा सकती है। यह कानून लोकप्रिय और चुनी हुई सरकार द्वारा बनाया गया है।

मंत्री ने कहा कि अभी बिहार में चुनाव हुए हैं, बंगाल में होनेवाले हैं। कानून लगने के बाद से उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, हर जगह इतने बहुमत से समर्थन मिल रहा है, वे किसान नहीं हैं क्या।

उन्होंने कहा कि कानून जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा संसद में बनाया जाता है। कोई समस्या है तो समाधान भी वहीं से निकल सकता है। सड़कों पर इस तरह करना सही है क्या। मंत्री ने कहा कि ये लोग कह रहे हैं कि दिल्ली का पानी बंद कर देंगे।

उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या का समाधान हुआ। देश में इतना इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। देश तरक्की के रास्ते पर है। कुछ विदेशी ताकतों को देश का विकास पसंद नहीं आ रहा। उन्हें मोदी का चेहरा पसंद नहीं। उन्होंने इन्हें अपना मोहरा बना लिया है।

जेपी दलाल ने कहा कि किसानों के नाम पर किसी का विरोध हो सकता है क्या। मैं भी विरोध नहीं कर सकता। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली का पानी बंद कर देंगे। दिल्ली का रास्ता बंद कर देंगे। क्यों दिल्ली कोई कराची या लाहौर है क्या। दिल्ली देश की राजधानी है। कोई समस्या है तो बैठकर बात करें, वार्ता करें।

Next Story

विविध