Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Sonia Gandhi In Ed Office : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ED दफ्तर पहुंचीं, बेटी प्रियंका भी साथ, कांग्रेसियों का देशव्यापी प्रदर्शन

Janjwar Desk
21 July 2022 1:16 PM IST
Sonia Gandhi In Ed Office : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ED दफ्तर पहुंचीं, बेटी प्रियंका भी साथ, कांग्रेसियों का देशव्यापी प्रदर्शन
x

Sonia Gandhi In Ed Office : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ED दफ्तर पहुंचीं, बेटी प्रियंका भी साथ, कांग्रेसियों का देशव्यापी प्रदर्शन

Sonia Gandhi In Ed Office : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर पहुंच गई हैं। वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ एक ही कार में निकली थीं।

Sonia Gandhi In Ed Office : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर पहुंच गई हैं। वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ एक ही कार में निकली थीं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी ईडी के दफ्तर में उनके साथ रहेंगे। उन्हें एक अलग कमरे में बिठाया जाएगा। इसकी वजह यह है कि सोनिया गांधी की दवाएं लेकर प्रियंका गांधी गई हैं और उन्हें कभी भी उनकी जरूरत पड़ सकती है। कोरोना से उबरने के बाद भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब है और ऐसे में उन्हें दवाओं की जरूरत रहती है।

सोनिया के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए उनकी पार्टी दिल्ली सहित देश भर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही सोनिया गांधी की पेशी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी के मद्देनजर ही गुरुवार सुबह वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई, जिसमें आगे की रणनीति तय की गई। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं सांसद दिल्ली में मौजूद हैं।

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ED द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने पर संभावित विरोध प्रदर्शन और शहर से गुजरने वाले कांवरियों की संख्या में वृद्धि के कारण गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात बाधित हो सकता है। सोनिया गांधी से पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय (AICC headquarters) और ईडी कार्यालय के पास सुरक्षा चाकचौबंद कर दी है। 24 अकबर रोड पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सांसद-विधायक विरोध करने के लिए इकट्ठा होंगे।

किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 9 से दोपहर 2 बजे के बीच जाने से बचने के लिए कहा है।

दिल्ली पुलिस ने ईडी मुख्यालय के आसपास की सड़कों को अर्धसैनिक बलों द्वारा किले में तब्दील कर दिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के संभावित विरोध को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लुटियंस दिल्ली में ट्रैफिक में काफी बदलाव किए गए हैं, जिससे औरंगजेब मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ मार्ग और अकबर रोड से गुजरने वाले लोगों को अपना रूट बदलना होगा।

क्या है मामला?

ED द्वारा पहले 75 वर्षीय सोनिया गांधी को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया गया था। हालांकि, वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि कोविड​​-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष को पूर्व में 8 जून को पेशी के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें 23 जून के लिए समन जारी किया गया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने सोनिया गांधी के बेटे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी इस मामले में पांच दिनों तक कई सत्र में 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। यह जांच कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है, जो नेशनल हेराल्ड अखबार का मालिक है।

सोनिया और राहुल से पूछताछ की कार्रवाई पिछले साल के अंत में ईडी द्वारा प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद शुरू की गई। इससे पहले, एक निचली अदालत ने 2013 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा दायर एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर यंग इंडियन के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था।

Next Story

विविध