Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

BIG BOSS के सबसे विवादित कंटेस्टेंट रहे स्वामी ओम का कोरोना के बाद हुआ निधन

Janjwar Desk
3 Feb 2021 12:09 PM GMT
BIG BOSS के सबसे विवादित कंटेस्टेंट रहे स्वामी ओम का कोरोना के बाद हुआ निधन
x
स्वामी ओम के मित्र मुकेश जैन के दोस्त अर्जुन जैन ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ समय पहले स्वामी ओम कोरोना से भी पीड़ित हो गए थे, लेकिन वह इससे उबर गए थे। कोरोना से उबरने के बाद भी वह कमजोरी महसूस कर रहे थे और कई तरह की समस्याओं से पीड़ित हो गए थे।

जनज्वार। बिग बाॅस 10 के सबसे विवादित प्रतिभागियों में शामिल रहे स्वामी ओम का आज 3 फरवरी को बीमारी के बाद निधन हो गया है। दो महीने पहले स्वामी ओम को कोरोना हुआ था, जिसके बाद लगातार तबीयत खराब थी और आधा शरीर लकवाग्रस्त हो गया था। मीडिया में उनके मित्र के बेटे ने निधन की पुष्टि की है।

स्वामी ओम के मित्र मुकेश जैन के दोस्त अर्जुन जैन ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ समय पहले स्वामी ओम कोरोना से भी पीड़ित हो गए थे, लेकिन वह इससे उबर गए थे। कोरोना से उबरने के बाद भी वह कमजोरी महसूस कर रहे थे और कई तरह की समस्याओं से पीड़ित हो गए थे। इसके बाद उनके आधा शरीर पैरालिसिस का शिकार हो गया था। इसके चलते बीते 15 दिनों से उनकी तबीयत बेहद खराब हो गई थी। आज बुधवार 3 फरवरी की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।'

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के निगम बोध घाट में स्वामी ओम का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बिग बॉस के 10वें सीजन से स्वामी ओम तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने रियल्टी शो के कुछ प्रतिभागियों पर पेशाब कर दिया था। उनकी इस हरकत पर प्रतिभागियों ने बिग बॉस से उनकी शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें बिग बॉस से बाहर कर दिया गया था। बिग बॉस से बाहर निकलने के बाद भी वह अपने बयानों को लेकर अकसर चर्चा में रहते थे।

गौरतलब है कि बाबा ओम उर्फ विनोद झा रियलिटी शो बिग बॉस के 10वें सीजन का हिस्सा बने थे। शो में उन्होंने महिलाओं के लिए हद से भी ज्यादा आपत्तिजनक बातें की थीं, जिससे उन्हें होस्ट सलमान खान की खूब फटकार मिली थी। स्वामी ओम ने ये तक कह दिया था कि शाहरुख खान को उन्होंने ही स्टार बनाया है। इस बात के लिए सलमान खान भी उन पर भड़क गए थे।

बिग बाॅस के एक टास्क के दौरान मनवीर गुज्जर से नाराज होकर उन्होंने सरेआम मग में पेशाब कर दी थी। हद तो तब हुई जब वो बिना हाथ धोए किचन का सामान छूने लगे। इससे स्वामी ओम पूरे घरवालों के निशाने पर आ गए थे।

वहीं एक टास्क को खराब करने के लिए स्वामी ने बानी जे और रोहन मेहरा के ऊपर अपनी पेशाब फेंक दी थी। इस बात से बानी और रोहन ने गुस्से में उन पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन बाकी घरवालों ने उन्हें रोक लिया। बाद में उनके इस अमानवीय रवैये के लिए बिग बॉस ने सजा के तौर पर उन्हें बेघर कर दिया था।

Next Story

विविध