Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

नोएडा पुलिस ने किया बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, एस्कॉर्ट सर्विस के अलावा 2 से 20 हजार तक होता था रेट

Janjwar Desk
28 Feb 2021 10:22 AM GMT
नोएडा पुलिस ने किया बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, एस्कॉर्ट सर्विस के अलावा 2 से 20 हजार तक होता था रेट
x

[ प्रतीकात्मक तस्वीर ]

देह व्यापार करने वाली जो लड़कियां पुलिस की गिरफ्त में हैं उनमें से एक युवती को आरोपी बिहार से प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने के लिए लाये थे, बाद में कुछ ही दिन बाद उसे देह व्यापार में धकेल दिया गया था...

जनज्वार ब्यूरो/नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर के नोएडा स्थित थाना सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-12 के एक गेस्ट हाउस में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। गेस्ट हाउस से पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोरी समेत चार लड़कियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री और शराब की बोतलें भी मिली हैं।

जानकारी के मुताबिक जो लड़कियां पुलिस की गिरफ्त में हैं उनमें से एक युवती को आरोपी बिहार से प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने के लिए लाये थे। बाद में कुछ ही दिन बाद उसे देह व्यापार में धकेल दिया गया था। पुलिस इस मामले की अलग से जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मकान मालिक को इस धंधे की जानकारी थी या नहीं, क्योंकि मकान में करीब तीन महीने से सेक्स रैकेट चल रहा था।

इस घटना के बारे में एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि ऑन डिमांड सेक्स रैकेट चलाने की जानकारी मिली थी। एसीपी रजनीश वर्मा और थानाध्यक्ष प्रभात दीक्षित को जांच में लगाया गया था। मौके पर दो स्थानीय लोगों को ग्राहक बनाकर भेजा गया। सूचना सही मिलने पर दबिश देकर सात युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार हुए लोगों में गेस्ट हाउस संचालक व प्रबंध निदेशक सहारनपुर के थाना मंडी बिस्किट वाली गली निवासी विशाल कंबोज, निदेशक बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी राजन, फरीदाबाद व पलवल निवासी मैनेजर विपुल चुग, अल्मोड़ा निवासी दयाल, गेस्ट हाउस का केयरटेकर लखनऊ के खुर्रमनगर निवासी रिजवान और खाना बनाने व सर्विस देने वाले बुलंदशहर निवासी सुमित व आकाश को गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा बिहार व पश्चिम बंगाल की दो-दो लड़कियों को भी पकड़ा गया है। बिहार निवासी लड़कियों को राजन लेकर आया था। वह एक साल पहले बिहार से प्रेमिका को शादी करने के बहाने नोएडा लाया था। यहां पर उसने कुछ दिन तक उसे सहमति संबंध में रखा और देह व्यापार में लगा दिया। लड़की ने विरोध किया तो उसे धमकी दी गई।

पुलिस ने जिन दो लोगों को ग्राहक बनाकर गेस्ट हाउस में भेजा था, वहां पहुंचने पर गेस्ट हाउस के लोगों ने लड़कियों से मिलवाया। जब दोनों ने उन्हें पसंद नहीं किया तो ऑनलाइन फोटो दिखाए गए और दावा किया जो लड़की पसंद आए वह उसे तत्काल बुलवा देंगे। इसके अलावा आरोपी एस्कॉर्ट सर्विस भी चला रहे थे।

जानकारी के मुताबिक गेस्ट हाउस संचालक व प्रबंध निदेशक विशाल कंबोज ने नोएडा निवासी कृति से 70 हजार रुपये में मकान किराये पर लिया था। इसमें गेस्ट हाउस बनाते समय आसपास के लोगों ने जानकारी मांगी तो आरोपियों ने बताया कि एक विदेशी कंपनी के अधिकारी यहां रहने के लिए आएंगे। कंपनी में 24 घंटे काम होता है। यह कंपनी की ओर से निशुल्क सुविधा दी गई है, ताकि कर्मचारी बेहतर काम कर सकें। कुछ दिन बाद जब गलत गतिविधियां होने लगीं तो लोगों ने पुलिस से शिकायत कर दी।

एसीपी रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि जांच में आरोपियों के मोबाइल से करीब 30 से 35 युवतियों के फोटो मिले हैं। फोटो ग्राहकों को दिखाए जाते थे और पसंद आने पर फोन कर युवतियों को बुला लिया जाता था। फोटो दिखाने के दौरान ही पैसे बता दिए जाते थे। फोन में लोगों की व्हाट्सअप चेट मिली है। इसमें रेट तय किए जाने का जिक्र है।

Next Story

विविध