Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

जंगलराज : लगातार हो रहे अपराधों से बेदम हुआ उत्तर प्रदेश, मंदिर के बाद योगीजी फिल्म सिटी में हैं व्यस्त

Janjwar Desk
24 Sep 2020 1:30 PM GMT
जंगलराज : लगातार हो रहे अपराधों से बेदम हुआ उत्तर प्रदेश, मंदिर के बाद योगीजी फिल्म सिटी में हैं व्यस्त
x
उत्तरप्रदेश के आठ जिलों में ताबड़तोड़ अपराध की घटनाएं 24 घंटे में घटी हैं। इससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ खड़ा हुआ है...

जनज्वार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार धराशाई होती जा रही है। प्रदेस में 24 घण्टों से भी कम समय में ग्रेटर नोएडा, मुरादाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, हाथरस, इटावा, फतेहपुर में एक के बाद एक ताबड़तोड़ होती वारदातों पर सरकार का पुलिस तंत्र लगाम लगा पाने में अक्षम साबित हो रहा है। प्रदेश के मुखिया सख्ती पर सख्ती दिखा रहे हैं बावजूद इसके अपराध घटने की बजाए बढ़ रहा है।

ग्रेटर नोएडा की इकोटेक एक कोतवाली स्थित औधोगिक क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी कंपनी के गार्ड की डंडे व रॉड से पीट-पीट कर निर्ममता से हत्या कर दी गई। यहाँ बदमाश लूटपाट के इरादे से पहुँचे थे जिसमें गार्ड के विरोध पर उसकी हत्या कर दी गई। मुरादाबाद में रिटायर्ड पीटीएस कर्मचारी के माथे में पड़ोसी ने ही सटाकर गोली मार दी गई। परिजनों के मुताबिक वह रात खाना खाने के बाद घर से टहलने निकले थे। गाजियाबाद में कारोबारी के घर में घुसकर लूटपाट की गई। मारपीट की गई यहाँ तक की पत्नी के मुंह में सरिया तक डाल दिया गया। पुलिस घटना को छुपाने में लगी रही।

मूलरूप से सिविल लाईन के नया गांव निवासी राधेश्याम पीटीएस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह इसी वर्ष 31 मार्च को रिटायर हुए थे। परिवार में पत्नी गीताए दो बेटियां व एक बेटा है। देर रात जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनो ने तलाशना शुरू किया। बुधवार सुबह राधेश्याम की लाश काजीपुरा इंट भट्ठे के नजदीक पड़ी मिली। जिसकी जानकारी पुलिस को भट्ठा मालिक ने दी थी। मृतक के बेटे ने पड़ोस में रहने वाले प्रेमपाल पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बुलंदशहर की देहात कोतवाली क्षेत्र के दोस्तपुर गाँव के निकट 35 वर्षीय मनव्वर की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मनव्वर अपनी पत्नी को इलाज के लिेए नीमखेड़ा डॉक्टर के पास ले जा रहे थेए उसी वक्त ये हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक यह हत्या रंजिश के चलते हुई है। आरोपी मुजाहिद के खिलाफ पिछले दिनो मनव्वर ने घर में घुसकर मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा लिखवाया था। जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

हापुड़ में एक ही दिन में कई आपराधिक घटनाए हो गईं। यहाँ के बाबूगढ़ स्थित कुचेसर चौपला के पास महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस शव कि शिनाख्त करवाने का प्रयास कर रही है। यहीं के निवासी एक लड़के पर जानलेवा हमला किया गया। पिलखुवा में दो दिन से गायब महिला का शव मिला। पुलिस कुछ नहीं कर सकी। गढ़मुक्तेस्वर निवासी एक ग्रामीण के घर में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने ग्रामीण को गोली मार दी। सिंभावली में पत्नी के साथ घर लौट रहे युवक को चाकू मार दिया। इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की।

इटावा में मंगलवार की देर रात पशु चिकित्सक योगेंद्र कुमार की खेत के विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पशु चिकित्सक योगेन्द्र की पत्नी ने पड़ोसी समेत 5 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जनपद के संतोषपुर मौजा में रहने वाले 35 वर्षीय योगेंद्र, पुत्र वासुदेव अपने खेत पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों से आए 5 लोगों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। पेट में चार गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

फतेहपुर में घर के बाहर सो रहे किसान की बुधवार कीदेर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। 35 वर्षीय किसान घर के बाहर लगे टीन शेड के नीचे सो रहा था। गोली लगने के बाद उसकी मोके पर ही मोत हो गई। 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है लेकिन आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर हैं। मुरादाबाद में ही पुत्री से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पड़ोस के लोगों ने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दो की गिरफ्तारी हो चुकी है बाकी फरार हैं।

समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार को अपराध पर लगाम ना लगा पाने को लेकर घेरा है। सपा ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि बढ़ता अपराध: बेदम होती भाजपा सरकार। केंद्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक की सरकार में सभी वादे फ्लॉप साबित हो रहे हैं। योगी आदित्यनाथ का अपराध मुक्त प्रदेश ध्वस्त होता जा रहा है और खुद वह फिल्म सिटी का खाका खींचने में व्यस्त हैं।

Next Story

विविध