Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

UP : मेरठ में डैड बॉडी पैक करने को लेकर डॉक्टरों-कर्मचारियों में मारपीट, 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Janjwar Desk
1 May 2021 11:54 AM GMT
UP : मेरठ में डैड बॉडी पैक करने को लेकर डॉक्टरों-कर्मचारियों में मारपीट, 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
x
कॉलेज प्रशासन ने कर्मचारियों की गलती बताई, जूनियर डॉक्टर शुभरीत त्यागी की ओर से कर्मचारी नदीम, जावेद, रवि सहित 10 लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है...

जनज्वार, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित मेडिकल कॉलेज डॉक्टर व अस्पताल कर्मी आपस में ही भिड़ गए। यह आपसी झगड़ा कोविड वार्ड में बॉडी पैक करने को लेकर होना बताया जा रहा है, जिसमें जूनियर डॉक्टरों और कर्मचारियों में जबरदस्त मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। इससे कोरोना मरीजों में खलबली मच गई।

आपसी हाथापाई के बाद विरोध में दोनों पक्षों ने काम बंद कर दिया। जिससे मेडिकल कॉलेज में इलाज को लेकर अव्यवस्था फैल गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने एक कर्मचारी नदीम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कर्मचारी नदीम ने बाकी कर्मचारियों को काम ना करने तथा कई एक बातों को लेकर भड़काया था। जिसके बाद कहासुनी और विवाद हो गया।

सर्किल ऑफीसर सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार 30 अप्रैल को जूनियर डॉक्टरों ने कुछ कर्मचारियों को डेड बॉडी पैक करने के लिए बुलाया था। कई बार कहने के बावजूद कर्मचारी नहीं आए। काफी देर बाद जब कर्मचारी आए तो डॉक्टरों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इससे कोविड वार्ड में भगदड़ मच गई।

मामले की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन के लोग भी मौके पर पहुंच गये। कॉलेज प्रसासन ने कर्मचारियों की गलती बताई। जूनियर डॉक्टर शुभरीत त्यागी की ओर से कर्मचारी नदीम, जावेद, रवि सहित 10 लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

देर रात अपर जिला अधिकारी नगर अजय तिवारी सहित मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने हॉस्टल पहुंचकर जूनियर डॉक्टरों से बात की। कुछ डॉक्टर समझाने के बाद काम पर लौट आए हैं। देर रात तक कर्मचारियों को समझाने का प्रयास चलता रहा।

Next Story

विविध