Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

200 वर्षों तक अमेरिका का गुलाम रहा भारत, मोदी न होते तो बेहाल हो जाता देश- तीरथ सिंह रावत

Janjwar Desk
21 March 2021 2:32 PM GMT
200 वर्षों तक अमेरिका का गुलाम रहा भारत, मोदी न होते तो बेहाल हो जाता देश- तीरथ सिंह रावत
x
तीरथ रावत ने कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत कोरोना संकट से निपटने के मामले में बेहतर काम कर रहा है। वहीं अमेरिका, जिसने हमें 200 साल तक गुलाम बनाए रखा और दुनिया पर राज किया, वर्तमान समय में कोविड-19 से संघर्ष कर रहा है।

जनज्वार ब्यूरो। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही तीरथ रावत विवादों में आ गए हैं। हाल के ही दिनों में उन्होंने जब महिलाओं के कपड़ों को लेकर टिप्पणी की थी तो देशभर से उनकी खूब आलोचना हुई थी। लेकिन आज उन्होंने एक बार फिर विवादित बयान दे दिया। सीएम रावत का कहना है कि भारत 200 वर्षों तक अमेरिका का गुलाम रहा। रावत ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में न होता तो बेहाल हो जाता है।

तीरथ रावत ने कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत कोरोना संकट से निपटने के मामले में बेहतर काम कर रहा है। वहीं अमेरिका, जिसने हमें 200 साल तक गुलाम बनाए रखा और दुनिया पर राज किया, वर्तमान समय में कोविड-19 से संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अलख जगाई। मैं कह सकता हूं कि यदि उनकी जगह कोई और नेतृत्व होता तो भारत का न जाने क्या हाल होता। बेहाल हो जाते, लेकिन उन्होंने हमको राहत देने का काम किया। भारत 135 करोड़ की आबादी का देश आज भी अपने को राहत महसूस करता है। दूसरे देशों की अपेक्षा, जहां अमेरिका के 200 वर्ष हम गुलाम थे। पूरे विश्व पर उसका राज था। कभी सूरज छिपता ही नहीं था, कहते थे। लेकिन आज के इस समय में वो डोल गया। पौने तीन लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 12 करोड़ की आबादी वाला देश स्वास्थ्य में नंबर वन लेकिन मृत्यु दर आपकी इतनी ज्यादा चली गई और अभी भी हालत खस्ती है। फिर पुन: लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें बचाने का काम किया है।'

उन्होंने लॉकडाउन के दौरान बांटे गए अनाज को लेकर कहा कि लोगों में सरकार द्वारा बांटे गए चावल को लेकर जलन भी होने लगी कि दो सदस्यों वालों को 10 किलो जबकि 20 सदस्य वालों को एक क्विंटल अनाज क्यों दिया गया? रामनगर में अंतरराष्ट्रीय वानिकी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा की 'भैया इसमें दोष किसका है, उसने 20 पैदा किए, आपने दो पैदा किए, तो उसको एक क्विंटल मिल रहा है, इसमें जलन काहे का। जब समय था तब आपने दो ही पैदा किए, 20 क्यों नहीं किए।' इस दौरान सीएम ने किसी धर्म या जाति का नाम नहीं लिया।

Next Story

विविध