Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

कौन हैं मोहन यादव जिनके सिर पर सज गया MP CM का ताज, इनका नाम आगे करने वाले के बारे में जान रह जायेंगे दंग

Janjwar Desk
11 Dec 2023 12:03 PM GMT
कौन हैं मोहन यादव जिनके सिर पर सज गया MP CM का ताज, इनका नाम आगे करने वाले के बारे में जान रह जायेंगे दंग
x
मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री मोहन यादव को बनाकर भाजपा ने सभी को चौंकाने का काम किया है, जबकि ज्यादातर राजनीतिज्ञ विशेषज्ञ तक यही मान रहे थे कि एक बार फिर से शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होंगे.....

Madhya Pradesh New CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश में भाजपा ने मुख्यमंत्री एक ऐसे नाम को बनाया है, जिनके बारे में दूर-दूर तक अंदेशा तो छोड़िये कोई सोच भी नहीं सकता था कि पार्टी इतना बड़ा ओबीसी कार्ड खेल सकती है। और यह भी कि संघ का भाजपा में कितना ज्यादा हस्तक्षेप है। जी हां, मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री मोहन यादव को बनाकर भाजपा ने सभी को चौंकाने का काम किया है, जबकि ज्यादातर राजनीतिज्ञ विशेषज्ञ तक यही मान रहे थे कि एक बार फिर से शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होंगे। मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुने जाने के सफर में एक बात जो सबसे बड़ी चौंकाने वाली सामने आ रही है वह यह है कि खुद शिवराज सिंह चौहान उनका नाम सामने लेकर आये हैं।

संघ के बेहद करीबी माने जाने वाले मोहन यादव शिवराज सिंह चौहान सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। राजनीतिक जीवन की बात करें तो वह 2013 में पहली बार विधायक चुने गये थे। मोहन यादव भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े रहे हैं और उन्हें संघ का बेहद करीबी माना जाता है। गौरतलब है कि वर्ष 1984 में मोहन यादव छात्रसंघ अध्यक्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad) रह चुके हैं।

25 मार्च 1965 को उज्जैन में जन्मे मोहन यादव ने उच्च शिक्षा विक्रम यूनिवर्सिटी से पूरी की थी। इस बार के चुनावों यानी 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मोहन यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार चेतन प्रेमनारायण यादव को 12,941 वोटों से हराया था और इस तरह वह उज्जैन दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फ‍िर से विधायक चुने गए थे। यह उनके विधायकी का तीसरा कार्यकाल रहा।

हालांकि मीडिया के लिए मोहन यादव नया नाम नहीं है। मीडिया की सुर्खियां वह अपनी बदजुबानी को लेकर बटोरते रहे हैं। कोरोना काल के दौरान वर्ष 2020 में उपचुनावों के समय असंयमित भाषा का प्रयोग किये जाने पर चुनाव आयोग ने उनके प्रचार करने पर एक दिन का प्रतिबंध लगाया था। मध्य प्रदेश की राजनीति में हालांकि मोहन यादव एक मजबूत भाजपा नेता की छवि रखते हैं, मगर वह मुख्यमंत्री तक का सफर तय कर लेंगे यह बात कोई सोच भी नहीं पा रहा था।

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद मोहन यादव ने कहा, “मैं पार्टी का एक छोटा कार्यकर्ता हूं। मैं आप सभी को, प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। आपके प्यार और समर्थन से मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की कोशिश करूंगा।”

आज 11 दिसंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक में जहां मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुना गया है, वहीं प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री राजेश शुक्ला और जगदीश देवड़ा चुने गये हैं। विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के प्रमुख के. लक्ष्मण और सचिव आशा लाकड़ा शामिल रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुने जाने पर अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, 'कर्मठ साथी श्री मोहन यादव जी को भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्‍वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में आप मध्यप्रदेश को प्रगति एवं विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जायेंगे तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नये कीर्तिमान रचेंगे। इस नई जिम्मेदारी के लिए बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं!'

Next Story

विविध