Begin typing your search above and press return to search.
दुनिया

Russia- Ukraine War : आर्थिक प्रतिबंधों के जवाब में व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु हथियारों की तैनाती का दिया आदेश

Janjwar Desk
27 Feb 2022 3:30 PM GMT
Russia- Ukraine War : आर्थिक प्रतिबंधों के जवाब में व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु हथियारों की तैनाती का दिया आदेश
x

(आर्थिक प्रतिबंधों के जवाब में व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु हथियारों की तैनाती का दिया आदेश)

Russia- Ukraine War : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को तैयार रहने का निर्देश दिया है....

Russia- Ukraine War : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच बड़ा फैसला लिया है। पुतिन ने न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को तैयार रहने को कहा है। एसोसिएट प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिबंधों का हवाला देते हुए पुतिन ने न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्ट को अलर्ट पर रखा है।

वहीं दूसरी ओर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymir Zelensky) ने अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में याचिका डाली है और और रूस पर युद्ध के बहाने मासूम नागरिकों के नरसंहार का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि पुतिन ने रविवार को रूस (Russia) के रक्षामंत्री सर्गेई शोइगु और चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक के दौरान इस कदम की घोषणा की है। रूस के परमाणु निवारक बलों में अलग-अलग तरह के कई सामरिक हथियार शामिल हैं। ये हथियार पारंपरिक और परमाणु वारहेड के साथ हमला कर सकते हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल रक्षात्मक और आक्रामक रूप से किया जा सकता है।

बता दें कि दुनिया के प्रत्येक परमाणु शक्ति संपन्न देशों के पास न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स (परमाणु निवारक बल) मौजूद हैं। हालांकि इनकी तैनाती बहुत ही कम देखने को मिलती है। माना जा रहा है कि पुतिन ने यह कदम अमेरिका समेत पश्चिमी देशों पर अपने दबाव को बढ़ाने के लिए उठाया है।

पुतिन ने यह ऐलान करते हुए कहा कि पश्चिमी देश न केवल हमारे देश के खिलाफ आर्थिक क्षेत्र में दुश्मनी वाली कार्रवाई कर रहे हैं। मैं उन नाजायज प्रतिबंधों के बारे में बात कर रहा हूं. जिनसे हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ है।

पुतिन का इशारा स्विफ्ट भुगतान प्रणाली की ओर था। रविवार को ही अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस के प्रमुख बैंकों को स्विफ्ट भुगतान प्रणाली से बार करने का ऐलान किया था। पश्चिमी देशों के इस कदम को रूस पर आर्थिक परमाणु हमला कहा जा रहा है।

Next Story

विविध