Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

सुशांत सिंह केस: राजपूत परिवार के वकील ने मुंबई पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Janjwar Desk
29 July 2020 7:29 AM GMT
सुशांत सिंह केस: राजपूत परिवार के वकील ने मुंबई पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
x
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को डेढ़ महीना हो गया है। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है और अभी तक पुलिस के हाथ कुछ ऐसा नहीं लगा जिसे सनसनीखेज कहा जा सके।

जनज्वार। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को डेढ़ महीना हो गया है। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है और अभी तक पुलिस के हाथ कुछ ऐसा नहीं लगा जिसे सनसनीखेज कहा जा सके। सुशांत के पिता केके सिंह ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कई अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें सुशांत को सुसाइड के लिए उकसाने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। अब इस मामले में सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील का बयान आया है।

केके सिंह के वकील विकास सिंह ने बताया है कि परिवार क्यों अब तक चुप था और साथ ही उन्होंने मुंबई पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वकील विकास सिंह ने कहा है, परिवार को एफआईआर दर्ज करने में डेढ़ महीने इसलिए लगे क्योंकि परिवार शोक में था और मुंबई पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी। मुंबई पुलिस परिवार पर ये दबाव डाल रही थी कि आप बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस का नाम लें और उन्हें इसमें शामिल करें।

विकास सिंह ने आगे कहा, पटना में जब हम एफआईआर दर्ज कराने गए तो पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में परेशानी थी। लेकिन जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री संजय झा ने मामला समझाया तो एफआईआर दर्ज हुई। हम चाहते हैं कि पटना पुलिस पूरे मामले की जांच करे। वकील विकास सिंह ने ये भी कहा कि परिवार ने अब तक सीबीआई जांच की मांग नहीं की है। इसके अलावा विकास सिंह ने इस मामले में एक चैनल से भी बात की। जिसमें उन्होंने कहा कि जब 26 जुलाई को ही एफआईआर दर्ज हो गई थी तो क्यों रिया के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

राजपूत परिवार के वकील ने ये भी कहा कि जांच बहुत धीरे चल रही है और जांच का एंगल भी केस के अनुसार ठीक नहीं है। परिवार के इन आरोपों के बाद से मुंबई पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। शिकायत दर्ज किए कई दिन हो गए, लेकिन अभी तक रिया और उनका परिवार पुलिस की पहुंच से दूर है। विकास सिंह का कहना है कि उन्हें लगता था कि एफआईआर दर्ज होने के बाद रिया की गिरफ्तारी हो जाएगी लेकिन हमें अब भी उम्मीद है कि मुंबई पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी करेगी।

इस मामले में विनय तिवारी (एसपी सिटी, पटना) का कहना है कि बिहार पुलिस की टीम भी मुंबई पहुंच गई है और जांच कर रही है। आपको बता दें सुशांत के पिता ने रिया पर आरोप लगाया है कि रिया ने उनके बेटे की मानसिक हालत खराब की है। साथ ही वह सुशांत को दवा का ओवरडोज भी दे रही थी। सुशांत के अलग-अलग बैंक अकाउंट से 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। रिया सुशांत की मौत के कुछ दिन पहले ही उनका घर छोड़कर चली गईं और साथ में पैसे, लैपटॉप, जेवर, सुशांत के बैंक कार्ड्स, पिन और मेडिकल रिपोर्ट भी ले गईं। उन्होंने रिया पर सुशांत के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story