Russia- Ukraine War : दक्षिणपंथी संगठन हिंदू सेना ने रूस के समर्थन में निकाला मार्च, रूस तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं' के लगाए नारे

Russia- Ukraine War : दक्षिणपंथी संगठन हिंदू सेना के स्वयंसेवकों ने रविवार को सेंट्रल दिल्ली के कनॉट प्लेस में रूस के समर्थन में नारे लगाते हुए मार्च निकाला। स्वयंसेवकों ने करीब एक घंटे तक 'रूस तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं,' 'भारत माता की जय' और 'भारत-रूस दोस्ती जिंदाबाद' के नारों के साथ यह मार्च निकाला।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के रूख को लेकर हम व्यक्तिगत रूप से सोचते हैं कि भारत को परहेज करने के बजाय रूस के पक्ष में मतदान करना चाहिए था और अपने नागरिकों की सुरक्षा जमीन पर कदम रखना चाहिए। फासीवादी, नस्लवादी यूक्रेन के लिए खिलाफ रूस का समर्थन करें जिसने हमेशा पाकिस्तान का समर्थन किया है और हमारे परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ वोट किया है।
विष्णु गुप्ता ने कहा, कोई युद्ध अच्छा नहीं है लेकिन अगर हमें अच्छे और बेहतर के बीच चयन करना है तो हम रूस के समर्थन में खडे़ होंगे क्योंकि रूस हमेशा भारत का सच्चा दोस्त रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने हमें लगभग एक घंटे बाद तितर-बितर किया क्योंकि हमने विरोध प्रदर्शन करने से पहले अनुमति नहीं ली थी।
#Hindu_Sena Supports Russia
— The Newster (@NewsterTweets) March 6, 2022
"Today, Hindu Sena rallied in Delhi's Cannaught Place in support of Russia. #UkraineRussianWar #RussianUkrainianWar #Ukraine️ #Russia @POTUS @WhiteHouse @ShashiTharoor pic.twitter.com/Ki7aTIYpOy
हिंदू सेना ने इससे पहले नई दिल्ली के मंडी हाउस में रूसी लेखक अलेक्जेंडर पुश्किन की एक प्रतिमा पर पोस्टर लगाए जिसमें यूक्रेन पर मास्को के आक्रमण और "अखंड रूस" के समर्थन की घोषणा की गई थी।
दैनिक जागरण में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक हिंदू सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरजीत यादव ने कहा कि रूस हमारा दोस्त है। उसने भारत की रक्षा व सहायता बहुत बार की है। आज उसे अमेरिका व यूरोपियन यूनियन ने युद्ध में धकेला है। रूस पर पाबंदी की धमकी दी है।
उन्होंने कहा कि आज अमेरिका पूरे विश्व पर दादागिरी कर रहा है। अमेरिका ने भी अफगानिस्तान, लीबिया व इराक पर हमला किया था, लेकिन किसी ने उस पर पाबंदियां लगाने को नहीं कहा। आज अमेरिका वा यूरोपियन यूनियन अपने हथियार के व्यापार को चमकाना चाहते हैं और 10 दिन में ही अमेरिका, जर्मनी और ब्रिटेन की हथियार बनाने वाली कंपनियों के शेयर 17 से 50 प्रतिशत का उछाल लिए हुए हैं। पश्चिमी देशों द्वारा प्रायोजित युद्ध ने यूक्रेन को मोहरा बनाकर नष्ट करवा दिया । भारत की जनता रूस के साथ है हिंदू सेना भी रूस का युद्ध में समर्थन करती है।











