UP Elections 2022: योगी राज में प्रताड़ित महिलाओं को टिकट देगी कांग्रेस, हाथरस-उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के परिजन भी शामिल

रेप पीड़ित महिलाओं और उनके रिश्तेदारों को टिकट देगी कांग्रेस
Uttar Pradesh Elections 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। जिसके बाद टिकट बंटवारे को लेकर तमाम राजनितिक दलों में अब मंथन का दौर जारी है। इधर, कांग्रेस ने भी टिकट बंटवारे के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के नारे 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' के तर्ज पर कांग्रेस यूपी चुनाव में महिलाओं टिकट बांटेगी। इन महिलाओं में योगी शासन के दौरान बेइज्जती, रेप और प्रताड़ना की शिकार हुई पीड़िता होंगी। कांग्रेस पार्टी योगी राज में पीड़ित महिलाओं और उनके करीबी रिश्तेदारों को टिकट देने पर विचार कर रही है। इनमें उन्नाव और हाथरस गैंगरेप पीड़ितों के रिश्तेदार भी शामिल हैं।
दैनिक भास्कर के रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने योगी राज में चर्चित मामलों की केस स्टडी तैयार की है। इसके बाद पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें चुनाव लड़ने के लिए राजी करने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद टिकट देने का फैसला किया जाएगा। इसमें 4 चेहरों को मुख्य रूप से शामिल किया गया है, जिसमें उन्नाव गैंगरेप, हाथरस गैंगरेप, शाहजहांपुर आशा वर्कर और पूर्व सपा नेता ऋतु सिंह का नाम शामिल है।
'सत्ता हाथ में लो और लड़ो'
बता दें कि यूपी में चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दिया था। इससे पहले एक बड़े टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में भी उन्होंने इस ओर इशारा किया था कि लड़ने वाली लड़की को पार्टी टिकट देगी। प्रियंका ने कहा था, 'हमारी लिस्ट में ऐसी महिलाएं हैं, जो खड़ा होना चाहती हैं अपने लिए। जो लड़ना चाहती हैं। जिन पर अत्याचार हुआ है। हम कह रहे हैं अगर आपके साथ किसी विधायक ने अत्याचार किया है तो हम आपको टिकट देंगे। आप चुनाव लड़ो। विधायक बनो। सत्ता अपने हाथ में लो और लड़ो।' इस बयान के दौरान प्रियंका का इशारा उन्नाव की गैंगरेप पीड़ित की ओर था, जिसने भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सेंगर (Kuldeep Singh Senger) पर गैंगरेप और अपहरण का आरोप लगाया था।
उन्नाव रेप पीड़िता की मां लड़ेगी चुनाव
कांग्रेस ने जिन महिलाओं की लिस्ट तैयार की है, उनमें उन्नाव रेप केस (Unnao Rape Case) की विक्टिम की मां आशा सिंह का नाम भी शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए राजी कर लिया गया है। 2017 में उन्नाव की बांगरमऊ सीट से भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर पर एक नाबालिग लड़की ने अपहरण और बलात्कार का केस दर्ज करवाया था। पीड़ित ने कहा था कि वह विधायक के घर नौकरी मांगने गई थी, तब उसके साथ गैंगरेप हुआ था। लड़ीक के परिवार ने इस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। इसके बाद भी सेंगर पर पीड़ित लड़की और उसके रिश्तेदारों की कार का एक्सीडेंट कराने का आरोप लगा। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। पीड़िता की भी बाद में मौत हो गई। इसके बाद भाजपा और योगी सरकार की कड़ी आलोचना के बाद सेंगर की विधायकी खत्म कर दी गई थी।
इन महिलाओं के नाम को लेकर चर्चा
उन्नाव रेप पीड़िता के मां के अलावा जिन नामों पर कांग्रेस सबसे ज्यादा विचार कर रही है, उनमें हाथरस गैंगरेप (Hathras Kaand) पीड़िता के परिजन, पूर्व सपा नेता ऋतु सिंह और आशा वर्कर पूनम पांडे का नाम शामिल है। गैंगरेप के बाद जिंदगी गंवाने वाली हाथरस की दलित लड़की के परिवार से पीड़िता की मां या भाभी को टिकट देने की कवायद है। वहीं, शाहजहांपुर की आशा वर्कर पूनम पांडे भी कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़ सकती है। पूनम पांडे पिछले साल नवंबर में उस वक्त चर्चा में आ गईं, जब वे अपने जिले शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री योगी की सभा में मानदेय की मांग को लेकर साथियों के साथ जाने की कोशिश कर रही थीं। यहां यूपी पुलिस ने उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके अलावा, लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान सपा प्रत्याशी ऋतु सिंह (Ritu Singh) की साड़ी खींची गई थी। ऋतु सिंह अब कांग्रेस में शामिल हो गई हैं और पार्टी अब इन्हें विधायकी का टिकट देने की तैयारी कर चुकी है।










