Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

गांधी जयंती पर बोले अजय लल्लू- लोकतंत्र और भारत की बहुलतावादी संस्कृति पर हो रहा कुठाराघात

Janjwar Desk
2 Oct 2020 2:05 PM GMT
गांधी जयंती पर बोले अजय लल्लू- लोकतंत्र और भारत की बहुलतावादी संस्कृति पर हो रहा कुठाराघात
x
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज गांधी जी के विचारों पर हमला हो रहा है, लोकतंत्र और भारत की बहुलतावादी संस्कृति पर कुठाराघात किया जा रहा है.......

लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री-भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर सादगी और श्रद्धा के साथ मनायी गयी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने महात्मा गांधी और शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए उनके द्वारा किये गये योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन कर गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों और आदर्शों पर चर्चा की गयी। संगोष्ठी का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस मौके पर गांधी और शास्त्री के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन दोनों महापुरूषों ने देश की आजादी से लेकर देश के नवनिर्माण में अपना महत्वपूर्ण येागदान दिया था। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के हथियार से जहां देश को ब्रितानिया हुकूमत से आजादी दिलायी वहीं असमानता, भेदभाव, गरीबी एवं जातिगत विषमता को दूर करने के लिए खादी और सूत को कातकर देश की बहुसंख्यक गरीब जनता को आत्मनिर्भर बनाने का मंत्र दिया। उनकी व्यक्तिगत सादगी भारतवासियों को हमेशा-हमेशा के लिए प्रेरणा देती रहेगी। उन्होने एक मजबूत लोकतांत्रिक देश की परिकल्पना की थी।

उन्होने कहा कि आज गांधी जी के विचारों पर हमला हो रहा है। लोकतंत्र और भारत की बहुलतावादी संस्कृति पर कुठाराघात किया जा रहा है। ऐसे में हम सभी कांग्रेसजनों को गांधी जी के बताये रास्ते पर और मजबूती से चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि आज की परिस्थितियों में कैसे उनके सपनों के भारत को तोड़ा जा रहा है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होने कहा कि वह एक मां हैं इसलिए वह हाथरस की बिटिया के गैंगरेप और मृत्यु के बाद में परिजनों को शव न दिये जाने की पीड़ा बहुत शिद्दत से महसूस कर सकती हैं। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि हाथरस का डीएम परिजनों को शव न सौंपकर उनको धमकाते हुए कहता है कि मीडिया वाले तो दो-तीन दिन में चले जायेंगे, हमारा आपका साथ लम्बे समय तक रहेगा आप हमारी बात मान लीजिए।

उन्होने कहा कि कांग्रेसजनों पर बहन, बेटियों के लिए न्याय मांगने पर सरकार द्वारा लाठियां बरसायीं जा रही हैं जेलों में ठूंसा जा रहा है, यह लोकतंत्र का हनन है और गांधी जी के सहिष्णु भारत के विचार की हत्या है।

जयन्ती कार्यक्रम को अन्य प्रमुख लोगों में शाहनवाज आलम, मनोज यादव, अनिल यादव, तरूण पटेल, मुकेश सिंह चैहान, आलोक रैकवार, सुभाष मिश्रा, सुनीता रावत, डा. शहजाद आलम, जाफर मूसा आदि ने सम्बोधित करते हुए गांधी जी एवं शास्त्री जी के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज के समय में जब निरंकुश और फासीवादी सरकार जनता के सारे अधिकारों को कुचल देना चाहती है ऐसे में गांधी जी के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गये हैं।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चैधरी, प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, रमेश शुक्ला, रमेश मिश्रा, रफत फातिमा, आशीष अवस्थी, अरशी रजा, विशाल राजपूत, संजय शर्मा, शीला मिश्रा, प्रदीप कनौजिया, सुशीला शर्मा, माया चैबे, जावेद अहमद खान, आदित्य चैधरी, सुमन प्रजापति, शमशाद आलम, अयूब सिद्दीकी, आचार्य मनोज कुमार पाण्डेय, अंकित सक्सेना, रंजीत कुमार, योगेश्वर सिंह, सलमान कादिर, नावेद नकवी, सत्या पटेल, पं. एस.बी. मिश्रा सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Next Story

विविध