Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

किसान ट्रैक्टर मार्च से डरी योगी सरकार, पीएम के संसदीय क्षेत्र के 6500 ट्रैक्टर मालिकों को नोटिस

Janjwar Desk
26 Jan 2021 12:31 PM IST
किसान ट्रैक्टर मार्च से डरी योगी सरकार, पीएम के संसदीय क्षेत्र के 6500 ट्रैक्टर मालिकों को नोटिस
x
भाजपा की केंद्र सरकार के नये तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलनकारी किसान गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसान विरोध मार्च के रूप में ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं .....

जनज्वार ब्यूरो/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन से डरी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गणतंत्र दिवस के मौके पर सूबे में किसानों के ट्रैक्टर संचालन पर पाबंदी लगा दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और गाजीपुर में थाना प्रभारियों ने सोमवार को 6500 से ज्यादा किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को नोटिस जारी कर गणतंत्र दिवस पर सड़क पर टैक्टर संचालित नहीं करने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने किसानों को चेतावनी दी है कि अगर ट्रैक्टर सड़क पर चलता पाया गया तो वाहन और वाहन स्वामी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी के मंडुआडीह थाना प्रभारी निरीक्षक द्वारा कंदवा बाजार निवासी बाबू लाल पटेल को भेजी गई नोटिस के मुताबिक उन्हें गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली प्रभात फेरी का हवाला देकर सड़क पर ट्रैक्टर संचालित नहीं करने का आदेश दिया गया है। हालांकि जिला प्रशासन की यह कवायद पूरी तरफ से किसान आंदोलन के बाबत की गई है।

भाजपा की केंद्र सरकार के नये तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलनकारी किसान गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसान विरोध मार्च के रूप में ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं और उनके समर्थन में पूरे देश में किसानों और किसान संगठनों ने ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की है।


गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर ही वाराणसी प्रशासन ने जिले के किसान नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को नजर बंद कर दिया है। साथ ही उसने थाना प्रभारियों के जरिए जिले के 6500 से ज्यादा किसानों को नोटिस जारी कर गणतंत्र दिवस के मौके पर सड़क पर ट्रैक्टर संचालित नहीं करने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन का अनुमान है कि जिले में करीब 9,800 ट्रैक्टर हैं जो किसान आंदोलन के नेताओं के आह्वान पर सड़कों पर आकर मार्च कर सकते हैं।

इससे पहले गाजीपुर की पुलिस भी किसानों को नोटिस भेजकर गणतंत्र दिवस के मौके पर सड़क पर ट्रैक्टर नहीं निकालने का आदेश दे चुकी है। साथ ही उसने ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दिया है। वहीं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिल्ली में आंदोलनरत किसानों के समर्थन में गणतंत्र दिवस के मौके पर परिसर स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर और लंका स्थित सिंह द्वार तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है।

Next Story

विविध