Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Uttarakhand Breaking News : बाजपुर में पूर्व मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर लाठी-डंडों से हमला, पुत्र संजीव आर्य भी थे साथ, धरने पर बैठे

4 Dec 2021 2:54 PM IST
Uttarakhand Breaking News : बाजपुर में पूर्व मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर लाठी-डंडों से हमला, पुत्र संजीव आर्य भी थे साथ, धरने पर बैठे
x

पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य अपने समर्थकों के साथ बाजपुर थाने में धरने पर बैठे हैं। 

उत्तराखण्ड के जनपद ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में सभा में शामिल होने के लिए जाते समय पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य के काफिले को रोककर उनके साथ कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की कर की।

सलीम मलिक/बाजपुर। उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में सभा में शामिल होने जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य के काफिले कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने काफिले को रोककर उनके साथ धक्का-मुक्की की। ताजा अपडेट के मुताबिक काफिला रोकने वाले किसान यूनियन का झंडा लगाए हुए थे। दूसरी तरफ यह कहा जा रहा है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य व बाहुबली कुलविंदर सिंह किंदा का इस हमले में हाथ है।

घटना के समय आर्य के विधायक पुत्र संजीव आर्य भी साथ में थे। घटना से गुस्साए पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंच गए। थाने में आर्य व उनके समर्थक धरने पर बैठ गए हैं। इस बीच धक्का-मुक्की के आरोपी भी थाने में पहुंच गए हैं।

हमलावरों ने की यशपाल के खिलाफ नारेबाजी

जानकारी के अनुसार आज बाजपुर में कांग्रेस की एक सभा थी, जिसमें यशपाल आर्य को शामिल होना था। कार्यक्रम में 500 भाजपाइयों को कांग्रेस की सदस्यता भी लेनी थी। यशपाल इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पुत्र संजीव आर्य के साथ जा रहे थे। इसी बीच किसान यूनियन का झंडा लिए करीब दो दर्जन लोगों ने बाजपुर में लभेड़ा पुल के पास उनके काफिले को रोककर हमला बोल दिया। हमलावर यशपाल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन भी कर रहे थे। इससे साफ है कि हमले में शामिल लोग उनके विरोध गुट से जुड़े हो सकते हैं। विरोधी गुट के लोगों ने साथ यशपाल आर्य को काले झंडे दिखाए। इस बीच मारपीट और हाथापाई के आरोप भी लगे हैं। समर्थकों ने दोनों को बचाकर थाने पहुंचाया।

हत्या की साजिश

इस मामले में यशपाल के पुत्र संजीव आर्य ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में 20 लोगों के साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य व बाहुबली कुलविंदर सिंह किंदा ने लाठी-डंडों से हमला किया है। संजीव आर्य ने कहा इन लोगों ने मेरी और पिता की हत्या करने की थी साजिश रची थी। दो समर्थकों ने अपने ऊपर वार झेलकर हमें बचाया।फिलहाल, यशपाल आर्य और संजीव आर्य अपने समर्थकों के साथ बाजपुर थाने में ही धरने पर बैठे हैं। उनके समर्थकों की भारी भीड़ भी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

थाने में विरोधी पक्ष के लोग भी पहुंचे, तनाव का माहौल

इस बीच यशपाल पर हमला करने के आरोपी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य व बाहुबली कुलविंदर सिंह किंदा के समर्थकों भी थाने पहुंच गए हैं। थाने में स्थिति बेहद तनावपूर्ण है।

Next Story

विविध