Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

स्पा से मन उबा तो अब वृंदावन घूमना चाहते हैं मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक

Janjwar Team
15 March 2020 8:06 AM GMT
स्पा से मन उबा तो अब वृंदावन घूमना चाहते हैं मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक
x

स्पा का विशेष इंतजाम भी किया गया है। लगातार स्पा कराने के बाद भी अब विधायकों की बोरियत दूर नहीं हुई। अब वह उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थान वृंदावन में घूमना चाहते हैं मगर भाजपा के नेतृत्व की तरफ से उन्हें अभी तक घूमने की इजाजत नहीं दी गई है...

जनज्वार ब्यूरो, चंडीगढ़। लगभग छह दिन से दिल्ली जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से 15 किलोमीटर दूर मेवात जिले के तावडू के पास आईटीसी होटल में मध्य प्रदेश भाजपा के 106 विधायक अब तंग हो गए हैं। उन्हें होटल का माहौल रास नहीं आ रहा है। यहीं वजह है कि कई विधायकों ने जगह बदलने के लिए बोल दिया है। कुछ ने कहा कि उन्हें यूपी या हरियाणा के धार्मिक स्थल की यात्रा करा दी जाए। जिससे उनकी बोरियत कम हो सके। बताया जा रहा है कि उन्हें भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व की तरफ से इजाजत नहीं है जिसके चलते अधिकतर विधायक अब इस होटल में घुटन महसूस करने लगे हैं।

होटल में हालांकि उन्हें हर तरह की सुविधा दी गयी है। स्पा का विशेष इंतजाम भी किया गया है। लगातार स्पा कराने के बाद भी अब विधायकों की बोरियत दूर नहीं हुई। अब वह उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थान वृंदावन में घूमना चाहते हैं मगर भाजपा के नेतृत्व की तरफ से उन्हें अभी तक घूमने की इजाजत नहीं दी गई है।

भाजपा की ओर से पूरी कोशिश की गयी कि होटल के अंदर से कोई भी जानकारी या बातचीत बाहर न आने पाए। दूसरी ओर मीडियाकर्मी लगातार इस कोशिश में रहते हैं कि कुछ भी जानकारी मिल जाए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छनकर जो छोटी मोटी जानकारी आ रही है, मीडिया की मजबूरी है कि इस पर ही बड़ी रिपोर्ट बनायी जाए।

संबंधित खबर: जिन विधायकों को भाजपा ने रखा है छुपाकर गुड़गांव में, उनके पास नहीं है जरूरत का सामान

अंदर से जो जानकारी मिली है, इसके अनुसार अब विधायक यहां रहकर थक चुके हैं। उन्हें अब होटल का खाना भी अच्छा नहीं लग रहा है। वह किसी भी तरह से बाहर जाना चाहते हैं। कई विधायकों ने कहा कि यदि बाहर ज्यादा दूर नहीं जाने दिया जाता कम से कम गुरुग्राम या दिल्ली और इसके आस पास ही घूमने दिया जाए। लेकिन उन्हें इसकी भी इजाजत नहीं दी जा रही है। विधायक यहां के माहौल से निकलने के लिए छटपटा रहे हैं लेकिन उनकी कोई भी बात अभी तक सुनी नहीं जा रही है।

होटल में बंद मध्यप्रदेश के विधायकों को जानकारी नहीं है कि कब वह अपने प्रदेश में लौटेगे। विधायक नीलम वर्मा जो दिल्ली भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा की रिश्तेदार हैं उन्होंने कहा हमें भी जानकारी नहीं अगला कदम क्या होगा और कब हम मध्य प्रदेश लौटेंगे वहीं विधायक कृष्णा गौर से उनके रिश्तेदार मिलने पहुंचे और होटल में 3 घंटे तक रिश्तेदारों के बीच में विधायक रही। सूत्रों ने बताया कि भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश वर्गीय सभी विधायकों का मोर्चा संभाले हुए हैं।

संबंधित खबर: बिकने वाले विधायक रुके हरियाणा के सबसे महंगे होटल में, एक दिन का किराया 1 लाख रुपये

होटल के आस पास दिन रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। किसी को भी होटल की ओर जाने की इजाजत नहीं है। दिल्ली से जिसके अंदर जाने की इजाजत मिलती है, उसे ही होटल के अंदर जाने दिया जाता है। हालांकि कुछ विधायक दिन के वक्त होटल की चारदीवारी तक आ जाते हैं। लेकिन उन्हें होटल से निकलने के लिए गेट तक पहुंचने की इजाजत नहीं है।

Next Story

विविध