Begin typing your search above and press return to search.
समाज

कभी मुनाफा नहीं जोड़ पाए राम रहीम का खुलासा करने वाले पत्रकार रामचंद्र छत्रपति

Janjwar Team
16 Sep 2017 11:48 AM GMT
कभी मुनाफा नहीं जोड़ पाए राम रहीम का खुलासा करने वाले पत्रकार रामचंद्र छत्रपति
x

वार्षिक सम्मेलन कार्यक्रम की समीक्षा हेतु छत्रपति ने मुझे बुलाया, लेकिन समीक्षा की बात को परे कर उसने कहा 'सुन, मैं डेरा की आमदनी का भंडाफोड़ करने वाला हूं। मैं जिंदगी में पहली बार छत्रपति के विराट रूप से डर गया था...

राम रहीम के अपराधों का खुलासा करने वाले पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के मित्र वीरेंद्र भाटिया का संस्मरण

एक छोटे से अखबार का भला क्या गणित होता है। कुल जमा 5 हजार प्रतियां बिक जाएं रोज तो अखबार सिद्ध और प्रसिद्ध हो जाये। बिक रही प्रतियों के हिसाब से विज्ञापन मिल जाएं तो अखबार का खर्च ठीक चलता रहे और विस्तार पर कुछ सोचा जा सके। सिरसा में अखबार के कुल पाठक ही 5000 होंगे, उनमें बहुतों के पास सांध्य दैनिक नही आता, कुछ के पास कोई दूसरा अखबार आता है, कुछ बाबा के चेले हैं और कुछ विज्ञापनदाता बाबा के डेरा से कारोबार से जुड़े हैं, कुछ को राशिफल पढ़ना है, जो छत्रपति नही देते और कुछ का हाजमा ही नहीं है कि वह छत्रपति का अखबार 'पूरा सच' पचा पाएं।

गणित के हिसाब से सोचिए तो फिर बचा क्या। बचा सिर्फ छत्रपति जो गणित नहीं समझता था। आज उस बचे हुए छत्रपति को समझने की जरूरत है जो गणित के महीन जानकारों के बीच बिना गणित के उतरता है और बहुतों का गणित बिगाड़ देता है।

गणित समझने वाला व्यक्ति अपनी बुक्कत जितने आंकड़ों में खेलता है। उसकी जिंदगी की गुणा—भाग इतनी ही होती है कि जिंदगी निर्विघ्न चलती रहे और इसके लिये वह गीदड़ की जिंदगी जीना स्वीकार कर लेता है जिसे मरे हुए शिकार में से बची हुई जूठन मिलती रहती है, जूठन छोडने वाला माई—बाप होता है। माई बाप तमाम उम्र निरीह जानवरों का शिकार करते हैं। गीदड़ कभी चूं नहीं करता, लेकिन जैसे ही माई—बाप का खुद का शिकार हो जाता है, वही गीदड़ सबसे ज्यादा मुखर होता है।

छत्रपति को यह गणित कभी नहीं आया। उसकी नजर बिजनेस पर नहीं, खबर पर होती थी। आर्य समाज से चौधरी देवी लाल ट्रस्ट को जमीन देने की एक खबर थी। रात के अंधेरे में इस जमीन की रजिस्ट्री तहसील सिरसा में हुई, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।

लेकिन 'पूरा सच' के मुख्य पन्नों पर वह खबर अगली शाम को थी। उस खबर का असर इतना बड़ा था कि सियासी तापमान में उछाल आ गया, आर्य समाज के पदाधिकारियों की तुरंत क्लास लगी। गणित समझने वाला कोई पत्रकार समझ सकता है तब की सत्ता का खौफ। और खौफ इतना ही नहीं, बल्कि यह भी कि स्थानीय अखबारों की तब फ़ॉलोअप न्यूज़ देने की भी हिम्मत नहीं हुई। इस खबर के बाद हर कोई पूरा सच पढ़ना चाहता था, लेकिन छत्रपति ने प्रसार संख्या पर कोई खास ध्यान नहीं दिया और सेल्स पर एक प्रभारी नियुक्त करके अपनी खबरदारी में जुटा रहा।

'पूरा सच' का वार्षिक सम्मेलन हुआ 20 अक्तूबर 2002 को। उस सम्मेलन में 'पूरा सच' को पत्रकारिता की उपलब्धियां बताने की जरूरत नहीं थी। अखबार की रोज पाठकों को उडीक रहती, लेकिन साल की वित्तीय उपलब्धि अगर छत्रपति से पूछ ली जाती तो सिरसा का सबसे ख्यात अखबार होने के बावजूद अखबार नुकसान में था और छत्रपति घर से हर माह पैसे डाल रहा था। गणित का होशियार आदमी अखबार की प्रसिद्धि को अवश्य भुनाता, लेकिन इतना स्वाभाविक और सरल काम भी छत्रपति कर नहीं पाया ।

गणित तो और भी बहुत थे। मैंने 22 अक्तूबर 2002 को छत्रपति का सबसे अलग रूप देखा। वार्षिक सम्मेलन कार्यक्रम की समीक्षा हेतु छत्रपति ने मुझे बुलाया, लेकिन समीक्षा की बात को परे कर उसने कहा 'सुन, मैं डेरा की आमदनी का भंडाफोड़ करने वाला हूं। मैं जिंदगी में पहली बार छत्रपति के विराट रूप से डर गया था।'

मैंने कहा, 'प्रधान जी क्यों जान जोखिम में डालते हो।' छत्रपति अपनी अलमारी से किताब निकालते हुए मेरी और पीठ किये खड़े थे। और यकीनन उनकी पीठ थी तभी मैं यह कहने का साहस कर पाया कि बच्चे पाल लो प्रधान जी। बाकी भी तो चला रहे हैं अख़बार। यदि उनकी आंख से मेरी आँख मिल रही होती तो मैं यह बात कह नहीं पाता।

उन्होंने मेरी और मुड़ते हुए मेरी आँख में आंख डाल दी। बोले, 'तू कभी नहीं मरेगा।' मैंने उनकी आंख में निडरता देखी। वहां गणित नही था। मैं किस गणित की बात कर रहा हूं। डेरा सच्चा सौदा छत्रपति को इतने रुपये देने को राजी था कि वह ए 4 अखबार साइज से सीधे बड़े अखबार का सेटअप डाल लेता। गणित जानने वाले प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोगों ने डेरा के साथ खूब पहाड़े खेले हैं। एक दूनी दूनी और 10 दूनी एक करोड़। डेरा ने कहा सत्यवचन। जिस दिन आदित्य इंसां पकड़ा जाएगा, उस दिन सबके पहाड़े उजागर होंगे।

छत्रपति धर्म पर खड़ा था। छत्रपति अधर्म के खिलाफ खड़ा था। धर्म और अधर्म के घालमेल के लिए गणित की जरूरत होती है, लेकिन धर्म को जब अधर्म के खिलाफ़ आवाज उठानी होती है, तब उसे सबसे पहले गणित को ही बाहर करना होता है।

22 अक्तूबर, 2002 की रात मैं सोया नहीं। छत्रपति ने साध्वी की चिट्ठी क्यों छापी जब कोई भी छापने को राजी नहीं था। क्या छत्रपति सच जानता है। क्या छत्रपति साध्वी से मिल चुका है। रणजीत सिंह की खबर के पीछे छत्रपति ही क्यो लगा है। रणजीत सिंह का कत्ल हो गया है, यह खबर भी छत्रपति ही निकाल कर लाया।

रणजीत सिंह के कत्ल की कहानी बनाकर उस पर मिट्टी डाली जा चुकी थी, छत्रपति ने उस कत्ल को खबर बना दिया। क्यों छत्रपति छत्रपति इस कदर बेचैन है। क्यों छत्रपति डेरा सच्चा सौदा से डर नहीं रहा। क्यों रणजीत के कत्ल के बाद डरने की बजाय छत्रपति और मुखर और निडर हो गया है। क्या छत्रपति साध्वी को जुबान दे बैठा है कि बहनों की लड़ाई हम लड़ेंगे।

छत्रपति के इस व्यक्तित्व को गणित के किसी परिमाप में नापा नहीं जा सकता। लेकिन गणित के मर्मज्ञ पत्रकार साथियों ने जिंदा हाथी की 15 साल मुफ्त सवारी की और हाथी मरने के बाद भी बेचने के गणित में बाजी जीतने की जिद तक प्रतियोगिता में रत है।

छत्रपति को जब फूल चढ़ाने आओ तो उस दिन आईना जरूर देखकर आना।

छत्रपति की लड़ाई परिणति तक पहुंची है। आज मन बहुत उदास है। आज छत्रपति की हत्या का केस अंतिम सुनवाई पर है।

बाबा जेल जा चुका है। यकीनन जेल में वह सोचता होगा कि गणित की इस दुनिया में सब लोग गणित के फॉर्मूलों पर फिट नहीं होते, कुछ लोग छत्रपति भी होते हैं।

(दस साल तक 'पूरा सच' में स्तम्भ लेखक रहे वीरेंद्र भाटिया रामचंद्र छत्रपति के करीबी मित्र रहे हैं।)

Janjwar Team

Janjwar Team

    Next Story

    विविध