Bengal Municipal Election Result: BJP का सूपड़ा साफ़, चारों नगर निगमों में बड़ी जीत की ओर TMC

Bengal Municipal Election Result: BJP का सूपड़ा साफ़, चारों नगर निगमों में बड़ी जीत की ओर TMC
Bengal Municipal Election Result: तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में चारों नगर निगमों के लिए हुए चुनावों में डाले गए मतों की गणना में सोमवार को आगे चल रही है. नगर निगम चुनावों के लिए मतदान 12 फरवरी को हुआ था. राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सुबह 11 बजे तक बिधाननगर में टीएमसी ने 41 सीटों में से 24 पर जीत दर्ज कर ली और 10 पर वह आगे चल रही है जबकि कांग्रेस ने एक वार्ड पर जीत दर्ज की है.
सिलीगुड़ी में 47 सीटों में 10 पर जीत
सत्तारूढ़ पार्टी ने सिलीगुड़ी में 47 सीटों में से 10 पर जीत दर्ज की है, वह तीन वार्डों में आगे चल रही है तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दो-दो सीटें हासिल की हैं.
चंदननगर में 12 सीटों पर जीत और 9 पर आगे
चंदननगर में टीएमसी ने 32 में से 12 सीटें जीत ली है और नौ सीटों पर वह आगे चल रही है जबकि माकपा ने एक वार्ड में जीत दर्ज की है.
आसनसोल में 28 सीटों पर कब्जा और 7 वार्डों पर आगे
आयोग के आंकड़ों के अनुसार, टीएमसी ने आसनसोल में 106 सीटों में से 28 सीटों पर कब्जा जमाया है और सात वार्डों में वह आगे चल रही है. भाजपा ने तीन वार्डों और माकपा ने दो वार्डो पर जीत हासिल की है. इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नगर निकाय चुनावों में अपनी पार्टी की ''प्रचंड जीत'' के लिए लोगों का आभार जताया और इसे जनता की जीत बताया.
समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए प्रचार करने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश गयीं टीएमसी सुप्रीमो ने कहा कि उनकी पार्टी ने उस राज्य में ''वृहद हित'' को ध्यान में रखते हुए चुनाव न लड़ने का फैसला किया. बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, टीएमसी ने उत्तर प्रदेश में कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया क्योंकि मैं नहीं चाहती कि अखिलेश यादव (सपा प्रमुख) किसी भी सीट पर कमजोर पड़ें. चुनाव के पहले चरण में मुझे उम्मीद है कि अखिलेश की पार्टी 57 में से 37 सीटों पर जीत दर्ज करेगी.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह वाराणसी में रैली करने के लिए तीन मार्च को उत्तर प्रदेश जाएंगी. कांग्रेस की आलोचना करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि किसी भी क्षेत्रीय दल के कांग्रेस के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं. उन्होंने कहा, कांग्रेस अपने रास्ते चल सकती है, हम अपने रास्ते पर चलेंगे.
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने देश के संविधान को ''ध्वस्त'' कर दिया है. बनर्जी ने कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर से बात की है और एक साथ मिलकर हम संघीय ढांचे की रक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं.











