Begin typing your search above and press return to search.
Top stories

Aryan Khan Drugs Case Timeline: आर्यन खान की गिरफ्तारी से लेकर जमानत तक, ड्रग्स केस की पूरी कहानी पढ़िए एक रिपोर्ट में

Janjwar Desk
28 Oct 2021 2:48 PM GMT
Aryan Khan Drugs Case Timeline: आर्यन खान की गिरफ्तारी से लेकर जमानत तक, ड्रग्स केस की पूरी कहानी पढ़िए एक रिपोर्ट में
x

मुंबई हाईकोर्ट ने कहा कि आर्यन खान और उनके साथियों के खिलाफ ठोस सबूत नहीं

बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार, 28 अक्टूबर को एनसीबी द्वारा दलीलें पेश करने के बाद आर्यन खान, मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट की जमानत पर यह फैसला सुनाया। आर्यन खान(Aryan Khan) 2 अक्टूबर को मुंबई के एक क्रूज जहाज पर रेव पार्टी के दौरान हिरासत में लिया गया था...

Aryan Khan Gets Bail: मुंबई हाई कोर्ट ने क्रूज शिप ड्रग्स मामले में शाहरुख खान (Sharukh Khan) के बेटे आर्यन खान को आज, 28 अक्टूबर, गुरुवार को जमानत दे दी। करीब 27 दिन मुंबई के आर्थर रोड जेल में बिताने के बाद आर्यन खान के साथ अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को भी जमानत मिल गई। मुंबई हाई कोर्ट अपने फैसले पर विस्तृत ऑर्डर शुक्रवार, 29 अक्टूबर को जारी करेगा, जिसके बाद ड्रग्स मामले में गिरफ्तार सभी आरोपी शुक्रवार या शनिवार को बाहर आ सकेंगे। यानि बेल मिलने के बाद अभी आर्यन खान को आज रात तक जेल में ही रहना पड़ेगा।

बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार, 28 अक्टूबर को एनसीबी द्वारा दलीलें पेश करने के बाद आर्यन खान, मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट की जमानत पर यह फैसला सुनाया। आर्यन खान(Aryan Khan) 2 अक्टूबर को मुंबई के एक क्रूज जहाज पर रेव पार्टी के दौरान हिरासत में लिया गया था। 2 अक्टूबर को एनसीबी द्वारा आर्यन खान की गिरफ्तारी से लेकर 28 अक्टूबर को उनके जमानत के बीच इस मामले में कई उतार-चढ़ाव आए। ड्रग्स केस में कई नाम जुड़े। मामले की जांच कर रहे एनसीबी के जोनल ऑफिसर समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) पर भी आरोप लगे कि उन्होंने साजिश के तहत आर्यन को गिरफ्तार किया और बदले में पैसों का लेनदेन किया।

पूरी कहानी किसी रोमांचक फिल्म की कहानी जैसी है। आइए आपको बताते हैं आर्यन खान के जेल से लेकर बेल तक की पूरी कहानी:

2 अक्टूबरः एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंबई से एक शिप गोवा जा रही है जिसमें रेव पार्टी का आयोजन होने वाला है। एनसीबी को जानकारी थी कि इस पार्टी में कई नामी चेहरे शामिल हो सकते हैं। उसी खुफिया सूचना के आधार पर एनसीबी ने योजना बनाई और यात्री बनकर उस शिप में सवार हो गए। पार्टी शुरु ही होने वाली थी कि एनसीबी के अधिकारियों ने छापेमारी की और 8 लोगों को हिरासत में लिया। एनसीबी द्वारा पकड़े गए लोगों में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी शामिल थे। इसके अलावा मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को भी पकड़ा गया। 2 अक्टूबर की रात सभी को एनसीबी के दफ्तर लाया गया।

3 अक्टूबर: अगले दिन सुबह आर्यन खान की गिरफ्तारी की खबर सुर्खियों में थी। एनसीबी ने आर्यन खान, अरबाज और मुनमुन के खिलाफ केस दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। उसके बाद तीनों को एक दिन की एनसीबी की कस्टडी में भेजा गया।

4 अक्टूबर: उम्मीद की जा रही थी कि आज आर्यन खान को जमानत मिल जाएगी। पर एनसीबी ने कोर्ट में दावा किया कि आर्यन खान के लिंक इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी(Drugs Smuggling) से जुड़े हैं। एनसीबी ने आर्यन का फोन भी खंगाला जिसमें उन्होंने ड्रग्स लेनदेन को लेकर चैट की थी। कोर्ट ने एनसीबी द्वारा तीनों की कस्टडी बढ़ाने की मांग को स्वीकार लिया और आर्यन खान और उनके दोस्तों को 7 दिनों की कस्टडी में भेज दिया।

7 अक्टूबर: कोर्ट में मामले पर सुनवाई हुई और इस बार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान शाहरुख खान ने कई बार बेटे को जमानत दिलवाने की कोशिश की पर न्यायिक हिरासत में जाने के बाद बेल मिलना और मुश्किल हो गया। 8 अक्टूबर को आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने मजिस्ट्रेट के सामने जमानत की अर्जी दी पर अर्जी को खारिज कर दिया गया। मजिस्ट्रेट कोर्ट में जमानत न मिलने के बाद तीनों के वकीलों ने सेशंस कोर्ट में अर्जी दाखिल की।

9 अक्टूबर: सेशंस कोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई हुई लेकिन मामले की सुनवाई को 11 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया। इधर, आर्यन खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही थी। सेशंस कोर्ट ने एनसीबी को 13 अक्टूबर को जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।

13 अक्टूबर: कोर्ट के आदेशानुसार, 13 अक्टूबर को एनसीबी ने अपना जवाब कोर्ट में दाखिल किया। लेकिन आर्यन खान के जमानत के फैसले को कोर्ट ने अगले दिन यानि 14 अक्टूबर के लिए सुरक्षित रख लिया।

14 अक्टूबर: इधर, आर्यन खान के वकील को भरोसा था कि वे उन्हें जमानत दिलवा देंगे। पर 14 अक्टूबर को भी शाहरुख खान के परिवार के लिए निराशा भरा दिन रहा। कोर्ट ने फैसला 20 अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया। आर्यन खान को मुंबई के आर्थर रोड जेल में 18 दिन बीत चुके थे। इस बीच खबरें आईं कि आर्यन खान को जेल का खाना पंसद नहीं आ रहा है। फिर शाहरुख खान ने उन्हें पैसे भी भेजें।

20 अक्टूबर: आर्यन खान को इस दिन भी जमानत नहीं मिली। इसके बाद शाहरुख खान ने हाई कोर्ट का रुख किया। आर्यन, मुनमुन और अरबाज के वकीलों ने बॉम्बे हाई कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की।

21 अक्टूबर: मुंबई हाई कोर्ट में आर्यन के जमानत पर कोर्ट में सुनवाई होनी थी। सुनवाई से पहले बेटे आर्यन से मिलने पिता शाहरुख खान आर्थन रोड जेल पहुंचे। बाप-बेटे के बीच करीब 15-20 मिनट बात हुई। इसी बीच एनसीबी की तलवार आर्यन खान की दोस्त और अभिनेत्री अनन्या पांडे (Ananya Pandey) पर भी लटकने लगी। एनसीबी ने उनके घर पर छापेमारी की। एनसीबी को आर्यन खान के फोन से अनन्या के साथ ड्रग चैट मिले थे। जिसको लेकर उन्हें समन भेजा गया। अनन्या को बुलाकर एनसीबी ने तीन दिन पूछताछ की।

26 अक्टूबर: आर्यन, अरबाज और मुनमुन की जमानत पर सुनवाई हुई। 26 अक्टूबर से लेकर 28 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों तक चले सुनवाई के बाद आखिरकार तीनों को जमानत दे दी गई।

28 अक्टूबर: गुरुवार, 28 अक्टूबर को आर्यन खान को जमानत मिल गई लेकिन शुक्रवार या शनिवार तक उन्हें जेल में ही रहना पड़ेगा। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार या उसके अगले दिन कोर्ट के ऑर्डर की कॉपी जेल प्रशासन को दी जाएगी जिसके बाद उनकी रिहाई हो सकेगी।

बता दें कि गुरुवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में सिनियर वकील मुकुल रोहतगी ने आर्यन खान का पक्ष रखा। वहीं, एनसीबी का प्रतिनिधित्व एएसजी अनिल सिंह ने किया। इधर, ड्रग्स मामले की जांच कर रहे एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को भी बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट में महाराष्ट्र सरकार की ओर से कहा गया है कि वानखेड़े की गिरफ्तारी से 3 दिन पहले उन्हें नोटिस दिया जाएगा। समीर वारखेड़े पर आरोप हैं कि उन्होंने एक डील के तहत आर्यन खान को गिरफ्तार किया था।

Next Story

विविध