Begin typing your search above and press return to search.
गवर्नेंस

Gonda के BJP सांसद ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से खोली योगी सरकार के दावों की पोल, कहा- 'जीवन में इससे खराब इंतजाम नहीं देखा'

Janjwar Desk
14 Oct 2022 12:10 PM GMT
Gonda के BJP सांसद ने खोली बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से सरकारी दावों की पोल, कहा- जीवन में इससे खराब इंतजाम नहीं देखा है
x

Gonda के BJP सांसद ने खोली बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से सरकारी दावों की पोल, कहा- 'जीवन में इससे खराब इंतजाम नहीं देखा है'

UP Flood News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में समय-समय पर सामने आता रहता है कि इस सरकार में जो कुछ दिखाया बताया जाता है उसकी सच्चाई धरातल पर कुछ और ही निकलती है। ताज्जुब तब होता है जब यह जमीनी सच्चाई सत्ता, सरकार, संगठन में बैठे लोग उजागर करते हैं...

UP Flood News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में समय-समय पर सामने आता रहता है कि इस सरकार में जो कुछ दिखाया बताया जाता है उसकी सच्चाई धरातल पर कुछ और ही निकलती है। ताज्जुब तब होता है जब यह जमीनी सच्चाई सत्ता, सरकार, संगठन में बैठे लोग उजागर करते हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही के बाद कैसरगंज से BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है

सांसद का यह वीडियो उस वक्त वायरल हुआ है, जिस वक्त यूपी के 21 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। सांसद का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है जब अभी दो ही दिन पहले CM योगी ने कहा कि, 'किसी भी पीड़ित को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए संकल्पित है।' सीएम के बयान के बाद सांसद बृजभूषण सिंह वायरल वीडियो में कहते सुने जा रहे हैं कि, 'हम तो रो भी नहीं पा रहे हैं।'

जनपद गोंडा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों के बीच कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुँचे थे। दौरा करने के बाद मीडिया से की गई बातचीत पर उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। सांसद बृजभूषण सिंह से जब बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य को लेकर सवाल किया गया तो उन्होने कहा कि, 'मत ही पूछिये तो अच्छा है। यहां तो बोलती ही बंद है। कुछ बोलेंगे तो बागी कहलाएंगे और सुझाव देंगे तो माना नहीं जायेगा। इसी कारण चुप रहिये।'

सांसद बोले : हम तो रो भी नहीं पा रहे हैं

गोंडा में गुरूवार को बाढ़ ग्रस्त इलाकों का ट्रैक्टर से भ्रमण करते BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान राहत व्यवस्था को लेकर सवाल पूछने पर उन्होने कहा, 'जिला प्रशासन तो नकारा है। यहां पर तो सब भगवान भरोसे ही चल रहा है। लोग तो अब वर्षा के रूकने का इंतजार कर रहे हैं। आप लोग कुछ ना ही पूछिए तो अच्छा है। अब तो भगवान की इच्छा है, जब पानी रूकेगा तभी कुछ राहत मिलेगी। सांसद से जब राहत कार्य पर सवाल किया गया तो उन्होने बेहद साफगोई से कहा कि, 'जीवन में इससे खराब इंतजाम नहीं देखा है।

लोगों को हमारे कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठाकर सुरक्षित जगह पर पहुँचाया है। देखिये हम भी तो ट्रैक्टर पर ही बैठकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सांसद ने कहा घरों तक बाढ़ का पानी पहुंचा है। दो दशक बाद बाढ़ इतनी विकराल हुई और जिला प्रशासन मस्त है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के इंतजाम के लिए जून या जुलाई में तैयारी हो जानी चाहिए, लेकिन यहां नहीं है।'

मेरी बोलती बंद है कुछ कहेंगे तो बागी कहलाएंगे

BJP सांसद से जब पूछा गया कि आपकी सलाह क्या है, तो उन्होंने कहा कि उनकी तो बोलती ही बंद है। अगर कुछ बोलेंगे तो बागी कहलाएंगे। अगर हम कोई सुझाव देंगे तो उसपर अमल नहीं होगा, इसलिए बेहतर है हम चुप ही रहें। हम अपनी सरकार के खिलाफ क्या बोलें। बाढ़ के कारण कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को भी गोंडा में अपने आवास पर जाने के लिए ढेमवा रोड पर मंहगूपुर गांव के पास ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा।

Next Story

विविध