Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

झारखंड की बेटी भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को अर्जुन पुरस्कार, कल्पना सोरेन को मिलेगी JMM में बड़ी जिम्मेदारी !

Janjwar Desk
17 Jan 2025 7:44 PM IST
झारखंड की बेटी भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को अर्जुन पुरस्कार, कल्पना सोरेन को मिलेगी JMM में बड़ी जिम्मेदारी !
x
Jharkhand Top 10 News : झारखंड की बेटी और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को मिला 'अर्जुन पुरस्कार', कल्पना सोरेन को मिलेगी झारखंड मुक्ति मोर्चा में बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, रांची के हिंदपीड़ी से लापता 2 बहनें कर्नाटक से बरामद, चंपई सोरेन की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती...

Jharkhand Top 10 news : झारखंड की पहली बड़ी खबर है आदिवासी महिला खिलाड़ी सलीमा टेटे को लेकर, सलीमा खेल जगत का प्रतिष्ठित सम्मान अर्जुन अवॉर्ड पाने वाली झारखंड की पहली महिला खिलाड़ी बन गयी हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम की कैप्टन और झारखंड की स्टार महिला हॉकी प्लेयर सलीमा टेटे को आज शुक्रवार 17 जनवरी को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सलीमा टेटे को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। सलीमा टेटे की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनको बधाई दी है।

कल्पना सोरेन को झामुमो में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, 13वें महाधिवेशन में होगी घोषणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा की उपाध्यक्ष बन सकती हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों और हाल ही में झारखंड विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत से उत्साहित झामुमो अब अपनी फायरब्रांड नेत्री और गांडेय विधानसभा सीट से विधायक कल्पना सोरेन को JMM पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। चर्चा है कि झामुमो के 13वें महा अधिवेशन में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। इसमें 6 राज्यों के 3000 से अधिक प्रतिनिधि झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और असम से शामिल होंगे। हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद कल्पना सोरेन जिस तरीके से राजनीति में आयीं और पार्टी को चुनौतीपूर्ण ढंग से सं​गठित किया, उससे उनका पार्टी के थिंकटैंक में रहना बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की बिगड़ी तबीयत, जमशेदपुर के TMH में हुए भर्ती

चुनावों से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए सरायकेला विधायक चंपई सोरेन की तबीयत अचानक खराब हो गयी है। उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक उन्हें ब्लड प्रेशर और लूज मोशन की शिकायत हुयी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ी। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अभी उनके स्वास्थ्य से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अस्पताल द्वारा जारी नहीं की गयी है।

JLKM के युवा विधायक जयराम महतो बोले गिरिडीह में बढ़ते ज़मीनी विवाद बनेंगे हिंसा का बड़ा कारण

झारखंड के गिरिडीह में ‘दिशा’ की बैठक में केंद्रीय मंत्री, विधायक और स्थानीय नेताओं ने योजनाओं पर चर्चा की जिसमें गुणवत्ता और पारदर्शिता पर खास ज़ोर दिया गया। बैठक के बाद विधायक जयराम महतो ने जनता दरबार लगाया। उन्होंने कहा कि उनके जनता दरबार में ज़मीन से जुड़े मामले सबसे ज्यादा आते हैं, जोकि चिंता का विषय है। बकौल जयराम महतो, अब तक के उनके जनता दरबार मे सबसे ज्यादा मामले जमीन संबंधित हैं। जैसे-जैसे आबादी बढ़ेगी, ज़मीन के मामले भी बढ़ेंगे। इस पर प्रशासन को ध्यान देना होगा। वरना हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ेंगी और आदिवासी राज्य का माहौल खराब होगा।

रांची से चलने वाली 10 ट्रेनें कैंसिल वंदे भारत समेत कई ट्रेनों का बदला रूट

राजधानी रांची के रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों से चलने वाली 10 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। इसके अलावा वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों को बदले रास्ते से चलाने का फैसला किया गया है। जानकारी के मुताबिक मेकन-सिरमटोली फ्लाईओवर के निर्माण के लिए रांची रेल मंडल की ओर से तीसरा ब्लॉक लेने की तैयारी की जा रही है, जिस कारण 10 यात्री ट्रेनों को 11 से 13 दिनों तक के लिए रद्द कर दिया गया है और 3 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जायेगा।

रांची विवि में नीड बेस्ड असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति में 8 साल सेवा देने वाले अतिथि शिक्षकों का नहीं नाम

रांची विवि में आठ वर्ष से अधिक समय से सेवा देने वाले अतिथि शिक्षक नीड बेस्ड असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति मेरिट लिस्ट से बाहर कर दिये गये हैं। अब इन अतिथि शिक्षकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विवि द्वारा जारी 15 विषयों की मेरिट लिस्ट में चार विषयों में 11 अतिथि शिक्षकों का नाम मेरिट लिस्ट में नहीं है। विवि द्वारा अन्य विषयों की सूची जारी होने के बाद पता चलेगा कि उसमें अतिथि शिक्षक शामिल हैं या नहीं।

देवघर के जसीडीह स्थित पागल बाबा आश्रम मंदिर से चांदी का मुकुट लाखों की चोरी

झारखंड के बाबाधाम यानी देवघर जिले के जसीडीह स्थित पागल बाबा आश्रम के मंदिर से भगवान का चांदी का मुकुट और दानपात्र से लाखों की चोरी हो गयी है। चोरों ने राधा-कृष्ण की मूर्ति के चांदी के मुकुट समेत चांदी की राधा-कृष्ण की मूर्ति, दो दान पेटी तोड़कर उसमें से करीब एक लाख रुपये और मंदिर से अन्य सामानों की चोरी की। जानकारी के मुताबिक गुरुवार 16 जनवरी की देर रात चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मूर्ति, मुकुट, दान पेटी के रुपये तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

रांची में पिकनिक मनाने गए 3 लड़कों की वाटरफॉल में डूबने से मौत

राजधानी रांची में वॉटरफॉल में डूबने से तीन युवाओं की मौत हो गई। हादसा रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित तिरू फॉल का है। मृतक लड़कों की पहचान आशीष कुमार, अंकुर कुमार और दीपक गिरि के रूप में हुई है। तीनों लड़के अपने परिवारों के साथ तिरू फॉल पर पिकनिक मनाने गए थे। गोताखोरों ने लाशों को बाहर निकाला।

झारखंड के सभी घरों में लगेंगे बिजली के स्मार्टमीटर

इस साल झारखंड के सभी घरों में ​बिजली के स्मार्ट मीटर लग जायेंगे। इस दिशा में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने काम भी शुरू कर दिया है। दूसरे चरण में 13.41 बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगने हैं, जिनमें ज्यादातर शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता हैं। केंद्र सरकार की आरडीएसएस स्कीम के तहत राज्यभर के सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाये जाने हैं। राज्यभर में बिजली के 46.48 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं।

रांची के हिंदपीड़ी से लापता 2 बहनें कर्नाटक से बरामद

रांची के हिंदपीड़ी से चार दिन पहले लापता हुईं दो बहनों को कर्नाटक से बरामद किया गया है, और दोनों को पुलिस कल रांची पहुंची।

रांची एसएसपी चंदन सिन्हा का कहना है दोनों बहनों ने अपनी बड़ी बहन रहनुमा परवीन के प्रेमी की बातों में आकर किडनैपिंग का झूठा खेल रचा था। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक रांची के हिंदपीढ़ी इलाके की रहने वाली बहनें 11 जनवरी को अपने आधार कार्ड में कुछ सुधार कराने के लिए घर से निकलने के बाद लापता हो गई थीं, तो माता-पिता ने अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी थी।

Next Story

विविध